गाड़ी ने तीन वाहनों को मारी टक्कर

By: Nov 18th, 2026 12:01 am

बेरगांव में तकनीकी खराबी के चलते चालक ने खोया नियंत्रण, राहगीर भी घायल

निजी संवाददाता-सोलन
चंबाघाट के समीप बेरगांव क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक ट्रेक्स गाड़ी अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे खड़े तीन वाहनों से जा टकराई। हादसे में तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि सडक़ से पैदल गुजर रहा एक व्यक्ति भी इसकी चपेट में आने से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया गया है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार दुर्घटना सुबह करीब 8:30 बजे पेश आई। बताया जा रहा है कि ट्रेक्स गाड़ी चंबाघाट की ओर से गुजर रही थी।

इसी दौरान अचानक वाहन में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके चलते चालक गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख पाया। हादसे में सडक़ किनारे खड़ी एक कार और ऑटो रिक्शा को काफी नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा एक अन्य वाहन भी ट्रेक्स की टक्कर से क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में उसे चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना को लेकर चिंता जताई और कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। गौरतलब है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर चंबाघाट और आसपास के क्षेत्रों में सडक़ हादसों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में वाहनों की तकनीकी स्थिति और यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सडक़ पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए संबंधित विभागों को भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करनी चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App