14 वर्षीय मासूम की जबरदस्ती शादी, हैवान बना पति, नाबालिग पत्नी के मां बनते ही कर दी हत्या

By: Nov 28th, 2026 4:39 pm

एजेंसियां—तेहरान

20 साल के पति ने अपनी 14 वर्षीय पत्नी कथित तौर पर हत्या कर दी। उसका कसूर सिर्फ इतना था कि उसने कुछ दिन पहले ही एक बच्चे को जन्म दिया था। आरोप है कि सोगंद का जबरदस्ती निकाह किया गया था। यह भी बताया जा रहा है कि पति अपनी पत्नी को उसके परिवार से भी नहीं मिलने देता था। यह हैरान करने वाला मामला ईरान का है, जहां 14 साल की किशोरी सोगंद मोश्तारेकी को पति ने पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। बहरहाल मोश्तारेकी सोगंद के पति ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। बताया जा रहा है कि सोगंद के पति ने परिवार के साथ उसकी बातचीत पर रोक लगा दी थी।

इस दौरान जब वह घर से बाहर जाता था, तो उसे घर के अंदर बंद कर देता था। केर्मन प्रांत की मोश्तारेकी सोगंद हाल ही में एक सडक़ दुर्घटना में बाल-बाल बची थी, जब उसे प्रसव के लिए ले जाया जा रहा था। वह उस हादसे से तो बच गईं और उन्होंने सुरक्षित बच्चे को जन्म भी दिया, लेकिन इसके कुछ ही समय बाद उनके पति ने उनकी जान ले ली। इस महीने की शुरुआत में ईरान में 19 साल की एक गर्भवती महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इसे ऑनर किलिंग का मामला बताया जा रहा है। मृतक महिला की पहचान हेलिया फत्ताही के रूप में हुई है। एक युवक के साथ रिश्ते के चलते वह दो महीने की गर्भवती थी और जब उसने अपने परिवार को यह बात बताई तो वे भडक़ गए। आरोप है कि गुस्से में आकर उसके माता-पिता ने उसे लगभग 30 दौरे रोकने वाली गोलियां जबरदस्ती खिला दीं और बुरी तरह पीटा। इसके बाद उन्होंने तकिए से उसका दम घोंटकर हत्या कर दी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App