पुत्र की याद में अस्पताल को दान की 30 कुर्सियां
30 बिछोने भी दिए, नए भवन में मरीजों-तीमारदारों को बैठने तक की नहीं है व्यवस्था
निजी संवाददाता – नौहराधार
नौहराधार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन में मरीजों और तीमारदारों को पेश आ रही परेशानियों को देखते हुए मंगलवार को नौहराधार निवासी समाजसेवी जयपाल चौहान ने अपने स्वर्गीय पुत्र नीरज चौहान चिंटू की याद में अस्पताल को 30 कुर्सियां और 30 बिछोने दान किए हैं, ताकि मरीज नीचे बैठने की बजाए कुर्सी पर बैठे। वहीं अधिक मरीज आने पर डाक्टर मरीजों को जमीन पर बिछोने डालकर एडमिट कर दें, ताकि मरीजों का इलाज तो हो जाए। इसके लिए मुख्य चिकित्सक सिमी शर्मा ने जयपाल चौहान का आभार जताया। मंगलवार के अंक में दिव्य हिमाचल में छपी खबर को देखकर समाजसेवी ने अस्पताल के लिए जरूरी सामान दान किया। बताते चलें कि नए भवन में मरीजों के बैठने के लिए बेंच तक उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में मरीजों को अपनी बारी का इंतजार करने के लिए खड़े रहना पड़ता है या जमीन पर बैठकर इंतजार करना पड़ता है। समाजसेवी जयपाल चौहान ने इस समस्या को देखते हुए मरीजों की सुविधा के लिए यह पुनीत कार्य किया है।
गौरतलब है कि 30 अक्तूबर को मुख्यमंत्री द्वारा वर्चुअल माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौहराधार के पांच मंजिला नए भवन का उदघाटन किया गया था। पुराने भवन से नए भवन में अस्पताल शिफ्ट होने के बाद यहां ओपीडी में मरीजों की संख्या में काफी वृद्धि देखने को मिली है, लेकिन नए भवन में मरीजों की बढ़ती संख्या के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पाई हैं। क्षेत्रवासियों का कहना कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौहराधार में भवन तो मिला, मगर अंदर सुविधा कम है। इस अस्पताल में क्षेत्र की 18 पंचायतों के अलावा हरिपुरधार आदि से लोग उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल में मरीजों की संख्या और जरूरतों को देखते हुए सरकार व प्रशासन को जल्द से जल्द आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवानी चाहिए। लोगों को उम्मीद है कि सरकार और प्रशासन इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए नौहराधार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए जल्द उचित कदम उठाएंगे, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
