उच्च शिक्षा विभाग में एक साथ 61 प्रमोशन, सीनियर असिस्टेंट बने सुपरिंटेंडेंट ग्रेड-II

By: Nov 27th, 2026 12:01 am

अधीक्षक ग्रेड-2 पद पर देंगे सेवाएं, पांच दिन में ज्वाइन करने के निर्देश

कार्यालय संवाददाता-शिमला

हिमाचल प्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग में वरिष्ठ सहायकों को प्रमोशन दी गई है। विभाग ने 61 वरिष्ठ सहायकों को नियमित आधार पर अधीक्षक ग्रेड-2 के पद पर पदोन्नत किया है। पदोन्नति के साथ ही कर्मचारियों को नए कार्यालयों और संस्थानों में तैनाती दी गई है। शिक्षा निदेशालय उच्चतर शिक्षा की ओर से जारी निर्देश के अनुसार पदोन्नत कर्मचारियों को पांच दिन के भीतर नए स्टेशन पर ज्वाइन करना होगा।

निर्धारित अवधि में ज्वाइन नहीं करने पर पदोन्नति आदेश वापस माना जाएगा और संबंधित कर्मचारी के अगले कनिष्ठ को पदोन्नति देने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। डीपीसी की सिफारिशों के आधार पर यह प्रोमोशन की गई है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि तैनाती वाले कार्यालय या संस्थान में पद रिक्त नहीं है, तो कर्मचारी को वहां ज्वाइन नहीं करवाया जाएगा। ऐसी स्थिति में मामला तुरंत निदेशालय को आगामी आदेशों के लिए भेजना होगा। पदोन्नत कर्मचारियों को नए स्टेशन पर कार्यभार संभालने से पहले अपने पुराने कार्यालय का पूरा चार्ज भी नियमानुसार सौंपना होगा।

छह साल की नियमित सेवा जरूरी

निदेशालय ने पदोन्नति के बाद ज्वाइनिंग से पहले कई शर्तें भी निर्धारित की हैं। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि पदोन्नत वरिष्ठ सहायकों ने वरिष्ठ सहायक पद पर छह वर्ष की नियमित सेवा पूरी कर ली हो। इसके अलावा किसी कर्मचारी के खिलाफ विभागीय जांच या सतर्कता मामला शुरू अथवा लंबित नहीं होना चाहिए। यदि किसी कर्मचारी के सेवा विवरण, वरिष्ठता या पदोन्नति संबंधी रिकॉर्ड में विसंगति पाई जाती है, तो उसकी ज्वाइनिंग स्वीकार नहीं की जाएगी और मामला निदेशालय भेजा जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App