सूद मिलन में गूंजी 200 साल की गौरवगाथा, मनाया विरासत का उत्सव

By: Nov 18th, 2026 12:01 am

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी में सूद समुदाय के शिमला से 200 वर्षों के ऐतिहासिक जुड़ाव के उपलक्ष्य में मंगलवार को द्विशताब्दी समारोह ‘सूद मिलन’ आयोजित किया गया। समारोह में शिमला सहित उत्तर भारत के विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों परिवारों ने भाग लिया। इस दौरान समुदाय के इतिहास, पूर्वजों के योगदान और सामाजिक विरासत को याद करने के साथ इसे अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। समारोह के मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति संजय करोल ने समुदाय में एकता, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की मजबूती आपसी एकता में होती है। समुदाय के लोगों को आपसी विवाद और मुकदमेबाजी से यथासंभव बचना चाहिए। मतभेदों को अदालत तक ले जाने के बजाय संवाद, आपसी समझ और मध्यस्थता से सुलझाने का प्रयास करना चाहिए। सूद सभा शिमला के अध्यक्ष सीए राजीव सूद ने समुदाय के करीब 200 वर्षों के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि लगभग वर्ष 1826 में पहले चार सूद परिवार शिमला पहुंचे थे। उस समय शिमला एक छोटा पहाड़ी कस्बा था। शहर के विकास के साथ समुदाय ने भी व्यापार, प्रशासन, व्यवसाय, जनसेवा और परोपकार के क्षेत्रों में योगदान दिया।

उन्होंने कहा कि पूर्वजों की मेहनत और दूरदर्शिता से समुदाय ने अपनी अलग पहचान बनाई है। राजीव सूद ने युवाओं से अपनी विरासत और पारिवारिक मूल्यों को आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ‘सूद’ उपनाम केवल पहचान नहीं, बल्कि कई पीढय़िों की मेहनत और ईमानदारी से अर्जित सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने समुदाय में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, सामाजिक संस्थाओं को मजबूत करने और नशे की समस्या के खिलाफ सामूहिक प्रयास करने पर भी जोर दिया। समारोह में चंडीगढ़, लुधियाना, सोलन और पालमपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों की सूद सभाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए। पारंपरिक सामुदायिक भोज ‘चुलीनुंदन’ भी आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा। राजीव सूद ने समारोह की सफलता के लिए मुख्य अतिथि, अतिथियों, विभिन्न सूद सभाओं के प्रतिनिधियों, पूर्व पदाधिकारियों, प्रबंध समिति, ट्रस्टों, आयोजन समितियों, स्वयंसेवकों और परिवारों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि द्विशताब्दी समारोह अतीत को याद करने के साथ विरासत को संरक्षित करने और आने वाली पीढय़िों के लिए बेहतर भविष्य तैयार करने का संकल्प है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App