पड्डल मैदान में गोलों की बरसात
फुटबॉल के दोनों मुकाबले बराबरी पर छूटे, सुदेवा और देहरादून ने 3-3, मॉर्निंग स्टार और रायत बहारा ने किया 1-1 गोल
कार्यालय संवाददाता-मंडी
छोटी काशी मंडी में आयोजित 52वीं ग्रीष्मकालीन फुटबॉल प्रतियोगिता के शुरुआती मुकाबलों में टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। प्रतियोगिता के तहत खेले गए दोनों मुकाबले बराबरी पर समाप्त हुए। पहले मैच में मॉर्निंग स्टार एफसी और रायत बहारा एफसी के बीच रोमांचक टक्कर हुई। दोनों टीमों ने एक-एक गोल किया और मुकाबला 1-1 की बराबरी पर छूटा। वहीं, दूसरे मुकाबले में सुदेवा एफसी और देहरादून एफसी की टीमें आमने-सामने रहीं। इस मैच में दोनों टीमों ने शानदार खेल दिखाते हुए तीन-तीन गोल किए। मुकाबला 3-3 की बराबरी पर समाप्त हुआ। बता दें कि मंडी में शुरू हुई इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के विभिन्न क्षेत्रों की आठ टीमें खिताब के लिए अपनी चुनौती पेश कर रही हैं।
इनमें सुदेवा एफसी, देहरादून एफसी, ग्लोरियस एफसी, मॉर्निंग स्टार एफसी, जेएस विजडम एफसी, रायत बहारा एफसी, डीएफए मंडी और ट्रायम्फ एफसी शामिल हैं। प्रतियोगिता का आयोजन लीग कम नॉकआउट आधार पर किया जा रहा है। इसके लिए टीमों को दो समूहों में बांटा गया है।ग्रुप-ए में मॉर्निंग स्टार एफसी, रायत बहारा एफसी और पहले मुकाबले के विजेता को जगह दी गई है, जबकि ग्रुप-बी में सुदेवा एफसी, देहरादून एफसी और दूसरे मुकाबले के विजेता को शामिल किया गया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
