13 नवंबर को मंडी में जुटेगा जनसैलाब, CM सुक्खू की अगुवाई में होगा बड़ा अभियान, DGP ने युवाओं से की खास अपील

By: Nov 10th, 2026 7:37 pm

पड्डल मैदान से सेरी मंच तक निकलेगा एंटी-चिट्टा जागरूकता वॉकाथॉन

मुख्यमंत्री सुक्खू करेंगे नेतृत्व, डीजीपी ने युवाओं से भागीदारी की अपील की

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला

हिमाचल में चिट्टे के खिलाफ चल रहे एंटी-चिट्टा जन आंदोलन को मंडी से नई गति देने की तैयारी है। 13 नवंबर को मंडी के पड्डल मैदान में प्रदेश का बड़ा एंटी-चिट्टा जागरूकता वॉकाथॉन आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री जनसमूह को संबोधित करने के साथ एंटी-चिट्टा शपथ भी दिलाएंगे और जागरूकता वॉकाथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। पड्डल मैदान से शुरू होने वाला वॉकाथॉन निर्धारित मार्ग से होते हुए सेरी मंच पहुंचेगा और वहां से वापस पड्डल मैदान लौटेगा। पुलिस और प्रशासन की ओर से कार्यक्रम में विद्यार्थियों, युवाओं, अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों, पंचायत प्रतिनिधियों और आम नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई है। एंटी-चिट्टा जन आंदोलन की शुरुआत 15 नवंबर 2025 को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान से हुई थी। इसके बाद धर्मशाला, हमीरपुर और बिलासपुर में जागरूकता वॉकाथॉन आयोजित किए गए। वर्ष 2026 में भी अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया गया है।

16 सितंबर 2026 को ऊना में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आयोजित एंटी-चिट्टा एवं पर्यावरण जागरूकता वॉकाथॉन में करीब 40 हजार लोगों ने भाग लिया था। हमीरपुर में आयोजित कार्यक्रम में भी करीब 13 हजार लोगों की सहभागिता रही। इन आयोजनों में विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी ने अभियान को पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई से आगे बढ़ाकर सामाजिक आंदोलन का स्वरूप दिया है। हिमाचल पुलिस नशे के खिलाफ अभियान में एक साथ कई मोर्चों पर काम कर रही है। एक ओर चिट्टा और अन्य मादक पदार्थों की सप्लाई में शामिल तस्करों, सप्लायरों और संगठित नेटवर्क पर कार्रवाई की जा रही है, वहीं दूसरी ओर युवाओं को नशे से बचाने के लिए स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।

पुलिस नशे की सप्लाई चेन के साथ आर्थिक नेटवर्क और बैकवर्ड लिंकेज की भी जांच कर रही है। आदतन तस्करों के खिलाफ निवारक कार्रवाई के साथ युवाओं को खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जोडऩे पर भी जोर दिया जा रहा है। पुलिस ने स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, पंचायती राज संस्थाओं, महिला मंडलों, युवक मंडलों, युवा क्लबों, एनजीओ, व्यापारिक संगठनों, सरकारी विभागों, खेल संगठनों और जनप्रतिनिधियों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया है। मंडी में होने वाला यह वॉकाथॉन महज एक प्रतीकात्मक मार्च नहीं, बल्कि युवाओं को नशे से दूर रखने और समाज को सामूहिक जिम्मेदारी के लिए जागरूक करने का प्रयास है। पुलिस का लक्ष्य है कि मंडी से उठने वाली नशामुक्ति की आवाज प्रदेश के हर गांव और हर परिवार तक पहुंचे।

परिवारों से भी सतर्क रहने की अपील

पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों के व्यवहार, पढ़ाई और सामाजिक गतिविधियों में अचानक आने वाले बदलावों पर नजर रखने की अपील की है। नशे की आशंका होने पर समय रहते विशेषज्ञों से सलाह लेने को कहा गया है। नशे की लत से प्रभावित लोगों के प्रति भेदभाव के बजाय उपचार और पुनर्वास में सहयोग देने पर भी जोर दिया गया है। पुलिस ने नागरिकों से नशा तस्करी या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को देने की अपील करते हुए स्पष्ट किया है कि लोग स्वयं संदिग्ध तस्करों से भिडऩे के बजाय पुलिस के आधिकारिक माध्यमों का इस्तेमाल करें।

डीजीपी बोले- चिट्टा केवल कानून-व्यवस्था नहीं, समाज और भविष्य की चुनौती

पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने कहा कि चिट्टा केवल कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्या नहीं है, बल्कि यह युवाओं, परिवारों और हिमाचल के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। इसका प्रभावी मुकाबला तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझकर आगे आए। उन्होंने कहा कि पुलिस नशा तस्करों और अवैध सप्लाई नेटवर्क के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रखेगी, लेकिन इसके साथ नशे की रोकथाम, जनजागरूकता, सामुदायिक सहभागिता और पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

डीजीपी ने विद्यार्थियों और युवाओं से विशेष रूप से 13 नवंबर को मंडी में आयोजित वॉकाथॉन में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि इसे केवल एक दिन का कार्यक्रम न बनाकर हर गांव, हर शिक्षण संस्थान और हर परिवार तक पहुंचने वाला सतत जन आंदोलन बनाया जाना चाहिए।

—अमन वर्मा


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App