घुमारवीें में 500 कम्प्यूटरों का बनेगा आधुनिक परीक्षा केंद्र
बाल दिवस पर धर्माणी ने कठलग स्कूल में 200 मेधावियों को बंाटे पुरस्कार, छात्रों का किया मार्गदर्शन
दिव्य हिमाचल टीम- घुमारवीं
स्वतंत्रता के बाद भारत के नवनिर्माण में पंडित जवाहरलाल नेहरू की दूरदर्शी सोच, आधुनिक दृष्टिकोण और विकासोन्मुखी नीतियों का अहम योगदान रहा है। शिक्षा, विज्ञान, उद्योग, कृषि, ऊर्जा और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में उनके कार्यों ने देश को विकास की नई दिशा प्रदान की। यह बात तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने शनिवार को घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कठलग में बाल दिवस के उपलक्ष्य पर आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कही। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में करीब 500 कंप्यूटरों की क्षमता वाला आधुनिक ऑनलाइन परीक्षा केंद्र विकसित किया जा रहा है। इस केंद्र में एक समय में 500 अभ्यर्थी ऑनलाइन परीक्षा दे सकेंगे। जरूरत के अनुसार प्रतिदिन दो से तीन शिफ्टों में परीक्षाएं आयोजित की जा सकेंगी। उन्होंने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू बच्चों को देश का भविष्य मानते थे।
उनका विश्वास था कि बच्चों को बेहतर शिक्षाए समान अवसर और अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवाकर ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है।धर्माणी ने कहा कि बाल दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह बच्चों के अधिकारों, शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास के प्रति समाज की जिम्मेदारी को याद करने का दिन भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढऩे का आह्वान किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सात विद्यालयों के करीब 200 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन भी किया। घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में स्किल एकेडमी और स्किल यूनिवर्सिटी स्थापित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। आधुनिक आईटीआई और स्पोर्ट्स स्किल सेंटर विकसित करने की भी योजना है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
