सोलन की महिलाओं ने तैयार किया खास माउथ फ्रेशनर, बाजार में उतारने की तैयारी
आंवला-चुकंदर से बनाया माउथ फ्रेशनर, सोलन की महिलाओं ने पारंपरिक स्वाद को दिया नया अंदाज
निजी संवाददाता-सोलन
प्रदेश में अब स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं पारंपरिक खाद्य उत्पादों को नया रूप देकर स्वरोजगार की मिसाल पेश कर रही हैं। प्रदेश की महिलाएं जहां स्थानीय उत्पादों के माध्यम से अपनी आर्थिकी मजबूत करने में जुटी हैं, वहीं उनके नए प्रयोग बाजार में भी अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। बता दें कि प्रदेश के सभी 12 जिलों में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूह संचालित हैं। यह समूह राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ रहे हैं। इसी कड़ी में जिला सोलन की महिलाओं ने आंवला और चुकंदर से खास माउथ फ्रेशनर यानी मुखवास तैयार किया है। इसका रंग, स्वाद और बनाने का तरीका इसे सामान्य मुखवास से अलग बनाता है।
महिलाओं द्वारा सोलन डा. यशवंत सिंह परमार नौणी विश्वविद्यालय व नाबार्ड के माध्यम से तैयार किए जा रहे इस उत्पाद को आंवला-चुकंदर मुखवास नाम दिया गया है। इसमें आंवला और चुकंदर के साथ सौंफ, काला नमक, मिश्री और हरी मिर्च जैसी सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। खट्टे-मीठे और हल्के चटपटे स्वाद वाला यह मुखवास भोजन के बाद खाने के लिए तैयार किया गया है। छवि ग्रुप की महिला सदस्य ममता ने बताया कि समूह की महिलाएं मिलकर इस तरह के उत्पाद तैयार कर रही हैं। उनका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कृषि उपज का बेहतर इस्तेमाल करना और उससे ऐसे उत्पाद तैयार करना है, जिन्हें बाजार में अच्छी पहचान मिल सके। इससे किसानों को भी अपनी उपज के लिए नए बाजार मिलने की उम्मीद है।
प्राकृतिक तरीके से किया तैयार
छवि गु्रप की महिला सदस्य ममता ने बताया कि इस मुखवास को पूरी तरह प्राकृतिक तरीके से तैयार किया गया है। इसमें किसी भी तरह के केमिकल का इस्तेमाल नहीं किया गया है। आंवला और चुकंदर से तैयार यह मुखवास खाने के बाद मुंह में खट्टे-मीठे स्वाद के साथ ताजगी और मिठास का एहसास कराता है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
