धनतेरस पर शिमला के बाजारों में उमड़ा खरीददारों का सैलाब
सोने-चांदी के गहनों और बर्तनों की खूब हुई खरीदारी; लोअर बाजार में सुबह से देर शाम तक रही रौनक, गहनों-बर्तनों की चमक से जगमगाए बाजार
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
धनतेरस के पर्व पर शुक्रवार को राजधानी के बाजारों में खूब रौनक देखने को मिली। सुबह से ही लोअर बाजार सहित अन्य बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमडऩी शुरू हो गई। दीपावली से पहले धनतेरस पर खरीददारी करने की परंपरा के चलते सुबह से ही बाजार में लोगों की आवाजाही शुरू हो गई। सुबह करीब 10 बजे से दुकानों पर ग्राहकों का पहुंचना शुरू हो गया था। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, बाजार में भीड़ बढ़ती चली गई। दोपहर बाद लोअर बाजार में खरीददारी करने वालों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। बाजार की रौनक और ग्राहकों के उत्साह से व्यापारियों के चेहरे भी खिले नजर आए। धनतेरस पर सबसे अधिक चहल-पहल गहनों और बर्तनों की दुकानों पर देखने को मिली। सोने-चांदी के आभूषणों की दुकानों पर लोग अपनी पसंद के गहने देखने और खरीदने पहुंचे। कई ग्राहक परिवार के सदस्यों के साथ दुकानों पर खरीदारी करते नजर आए। वहीं, बर्तनों की दुकानों पर भी सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ लगी रही। लोगों ने धनतेरस के शुभ अवसर पर घर के लिए नए बर्तन और अन्य उपयोगी सामान खरीदा। बर्तनों और गहनों की खरीदारी के साथ लोगों ने झाड़ू भी खरीदे।
धनतेरस पर झाड़ू खरीदना शुभ माना जाता है, ऐसे में बाजार में झाड़ू की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही देखने को मिली। दुकानदारों के पास ग्राहकों की लगातार आवाजाही बनी रही। धनतेरस पर नई वस्तुएं खरीदना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन सोना, चांदी, बर्तन और अन्य नई वस्तुओं की खरीदारी करने से घर में सुख-समृद्धि आती है। इसी परंपरा को निभाते हुए लोगों ने दीपावली से पहले खरीदारी के लिए बाजार का रुख किया। कई परिवारों ने शुभ मुहूर्त को ध्यान में रखते हुए अपनी खरीदारी की योजना बनाई थी। बाजार में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं की भी अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। धनतेरस पर उमड़ी भीड़ से लोअर बाजार में व्यापारिक गतिविधियां भी तेज रहीं। दुकानों में ग्राहकों की आवाजाही लगातार बनी रहने से कारोबारी उत्साहित नजर आए। दीपावली से पहले धनतेरस को खरीदारी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में इस पर्व पर बाजार में बढ़ी चहल-पहल ने दुकानदारों की उम्मीदें भी बढ़ा दीं। सुबह से शुरू हुआ खरीदारी का सिलसिला देर तक जारी रहा और लोअर बाजार में दिनभर त्योहार जैसा माहौल बना रहा।
ड्राई फ्रूट के गिफ्ट पैक की भी रही मांग
धनतेरस पर बाजार में ड्राई फ्रूट्स के गिफ्ट पैक खरीदने वालों की भी खूब भीड़ देखने को मिली। दीपावली पर रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों को उपहार देने के लिए लोग आकर्षक पैकिंग वाले ड्राई फ्रूट्स के पैकेट खरीदते नजर आए। दुकानों पर अलग-अलग आकार और डिजाइन के गिफ्ट पैक उपलब्ध रहे। अपनी पसंद और बजट के अनुसार लोगों ने ड्राई फ्रूट्स के पैक खरीदे। त्योहार पर उपहार देने की परंपरा के चलते इनकी दुकानों पर भी दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
