मांडव सोसायटी में खाताधारकों के बाद अब मकान मालिक भी फंसे

By: Nov 20th, 2026 12:52 am

दिसंबर 2025 से नहीं मिला सात हजार रुपए मासिक किराया, मकान मालिक की दो एफडी की राशि भी अटकी

निजी संवाददाता-अवाहदेवी
मांडव थ्रिफ्ट एंड के्रडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी से जुड़े लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। सोसयटी में अपनी जीवनभर की मेहनत की कमाई जमा करवाने वाले खाताधारक जहां अपनी जमा पूंजी वापस मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं, वहीं अब सोसायटी के लिए अपना मकान किराये पर देने वाले मकान मालिक भी परेशानी झेलने को मजबूर हैं। मामला केवल खाताधारकों की एफडी और जमा राशि तक सीमित नहीं है, बल्कि सोसाइटी के कार्यालय के लिए किराये पर लिए गए मकान का भुगतान भी लंबे समय से लंबित है। टिहरा में सोसाइटी का कार्यालय चलाने के लिए मकान उपलब्ध करवाने वाले अमी चंद ने अपनी समस्या सामने रखते हुए सोसाइटी प्रबंधन और संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। अमी चंद ने बताया कि मांडव थ्रिफ्ट एंड के्रडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी का टिहरा कार्यालय उनके मकान में चल रहा था। इसके लिए सोसाइटी की ओर से 7,000 रुपये प्रतिमाह किराया निर्धारित किया गया था, लेकिन दिसंबर 2025 से उन्हें मकान का किराया नहीं दिया गया है। उनका कहना है कि कार्यालय बंद होने के बाद स्थिति यह है कि न तो सोसाइटी का कोई कर्मचारी मौके पर पहुंच रहा है और न ही कोई जिम्मेदार व्यक्ति उनकी समस्या सुनने के लिए उपलब्ध हो रहा है।

मकान किराये पर देने के बावजूद उन्हें अपने बकाया भुगतान के लिए इधर-उधर संपर्क करना पड़ रहा है।उन्होंने बताया कि मकान के किराये के अलावा उनकी सोसाइटी में दो एफडी भी जमा हैं। इन एफडी की राशि भी अभी तक वापस नहीं मिल पाई है। इस प्रकार एक तरफ मकान का मासिक किराया लंबित है तो दूसरी तरफ उनकी अपनी जमा पूंजी भी सोसाइटी में फंसी हुई है। उनके लिए यह स्थिति आर्थिक और मानसिक परेशानी का कारण बनी हुई है। अमी चंद के अनुसार उन्होंने अपनी समस्या को लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाई है। इसके अतिरिक्त सहायक रजिस्ट्रार, सहकारी सभाएं मंडी को भी लिखित पत्र भेजकर पूरे मामले से अवगत करवाया है। इसके बावजूद अभी तक उनकी समस्या का कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है। उनका कहना है कि जब भी इस संबंध में संपर्क किया जाता है तो केवल आश्वासन ही मिलते हैं। कभी सोसाइटी के ऑडिट का हवाला दिया जाता है तो कभी अन्य प्रक्रियाओं की बात कहकर इंतजार करने को कहा जाता है। लेकिन इस बीच न तो किराये का भुगतान हुआ है और न ही एफडी की राशि वापस मिली है।

ऑडिट कब पूरा होगा, लोगों को कब मिलेगी राहत?

स्थानीय स्तर पर मांडव सोसायटी से जुड़े मामलों को लेकर लोगों में लगातार चिंता बनी हुई है। सरकाघाट स्थित मुख्य कार्यालय और टिहरा कार्यालय से जुड़े खाताधारक अपनी जमा पूंजी को लेकर परेशान हैं। कई लोगों की शिकायत है कि उन्हें अपनी जमा राशि और एफडी के भुगतान के लिए लगातार इंतजार करना पड़ रहा है। अब सोसायटी के कार्यालय के लिए मकान किराये पर देने वाले मकान मालिक की परेशानी सामने आने से मामला और गंभीर हो गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App