एक ओंकार के प्रणेता बाबा नानक
सिख मत के संचालक एंव प्रथम गुरु बाबा नानक को एक ओंकार के रचयिता माना जाता है। जपुजी, आसा दी वार, बारहमाह, रागतुखारी, पट्टी मांझ तथा मल्हार की वार जैसी उच्च कोटि की रचनाएं लिखकर भारत की धरती को, मानवता की सच्ची कीमतें बख्शी हैं। गुरु नानक देव जी की बाणी एक ओंकार की ही समस्त शाखाएं हैं। समस्त बाणी सच तथा यथार्थ की बुनियाद पर है जो इनसानी कद्रों, कीमतों को उजागर करती है। यह अद्वितीय बाणी है। मानवता के लिए शिक्षाप्रद बाणी है। अंधविश्वास से दूर तथा सबके कल्याण की इलाही बाणी। एक ओंकार का आकार देखने से ही हृदय को शांति मिलती है। इसके उच्चारण से, जाप करने से तन, मन, रूह, हृदय शांत तथा एकाग्र हो जाते हैं। इसके उच्चारण से मनुष्य स्वयं ही पवित्रता तथा आध्यात्मिकता से जुड़ जाता है। एक आनंदमयी अवस्था का एहसास हृदय में तैरता है। समस्त बाणी ऋतुओं, दिन, वर्ष, माह, क्षण, प्रकृति, ब्रह्मांड, सचखंड, धरती, आकाश, पानी, अग्नि, वायु (पांच तत्त्व) समाज, सच्चाई, रागों, संगीतमय इत्यादि नियमों में संगठित है। अनेक भव्य प्रतीकों, बिंबों, उपमाओं, अलंकारों से भरी हुई है बाणी। एक ओंकार का जाप विश्वास पैदा करता है और यह विश्वास कर्मठता का अस्तित्व उजागर करता है। इस आकार ने परमात्मा के अस्तित्व को सही अर्थ दिए हैं। एक ओंकार बाणियों की राहनुमाई करता है। इस शब्द की आवाज, बनावट, उच्चारण इतना शुद्ध है कि मानव में शक्ति, शांति, प्रभु का विश्वास पैदा करता है। यह शब्द ही परमात्मा का स्वरूप है। इस शब्द से ही परमात्मा नजर आता है। एक ओंकार की बनावट ही प्रभु वाणी का अस्तित्व है। सतिनाम, करतापुरख, निरभऊ, निरवैर, अकाल मूरत, अजूनी सैभं, गुर प्रसादि। यह मानवता का मूल मंत्र है। मूल मंत्र का अर्थ है प्राथमिक उपदेश। इसके अर्थ इस प्रकार हैं, आकाल पुरख परमात्मा एक है जो सारी सृष्टि में व्यापक है।
उसका नाम सदैव अस्तित्व वाला है। यह सारी सृष्टि को पैदा करने वाला है। वह भय से रहित है। वह वैर, दुश्मनी से रहित है। उसका स्वरूप काल से दूर है भाव उसके ऊपर समय का कोई प्रभाव नहीं। वह बचपन, जवानी, वृद्धावस्था, मृत्यु से परे है। वह योनियों में नहीं आता। उसका अस्तित्व, उसका प्रकाश अपने आप से हुआ है। ऐसे स्वरूप वाला परमात्मा शब्द गुरु सतगुरु की कृपा द्वारा ही मिलता है। आदि सच, जुगादि सचु।। है भी सच, नानक, होसी भी सच।। यह श्लोक मंगलाचरण जैसा है। इसमें गुरु नानक देव जी ने अपने इष्ट का स्वरूप ब्यान किया है, जिसका जप सिमरण करने का उपदेश इस सारी बाणी, जप में किया गया है (जपु जी साहिब से), गुरु नानक देव जी की बाणी में शब्दों की मिठास, संदेश, शुद्ध शांत तथा स्वस्थ कर देता है। प्रेम तथा सेवाभाव उत्पन होते हैं। बाबा नानक का जन्म सन् 1469 में कार्तिक पूर्णिमा को माता तृप्ता की कोख से, पिता मेहता कल्याण राय जी (बेदी वंश) के घर राय भोए की तलवंडी श्री ननकाना साहिब जिला शेखपुरा (पाकिस्तान) में हुआ। कवि बाबा नानक की शादी बीबी सुलखणी जी सुपुत्री श्री मूल चंद जी बटाला निवासी (जिला गुरदासपुर, पंजाब) के साथ 1487 ई. को हुई। उनके दो सुपुत्र थे, बाबा श्रीचंद्र जी तथा बाबा लक्ष्मी दास जी। बाबा नानक जी के श्री गुरु ग्रंथ साहिब में दर्ज 947 शब्द 19 रागों में हैं। उन्होंने देश-विदेश के लोगों को रास्ता दिखाया। भाई बाला तथा मरदाना उनके संगी थे। उनका यह संग सांझीवालता तथा धर्म-जाति रहित, मानवतावादी था। उनके जीवन प्रसंग, घटनाएं, यात्राएं भी दुर्लभ तथा संदेश परक हैं। बचपन में उन्होंने पांधे, पुरोहित तथा वैद्य को उपदेश दिया। सच्चा सौदा किया, मोदी खाने में तेरा-तेरा तोलना, चार महान उदासियों (यात्राएं), ऊंच-नीच का भेदभाव खत्म करना, नाम जपना, बांट कर खाना तथा धर्म की कमाई करने की शिक्षा कर्मठता, विभिन्न धर्म के भ्रम, कुरीतियों को तोडऩा भी उनके महान कार्यों में शुमार हैं। आप कई दूर-दूर के क्षेत्रों में गए। बाबर, मलिक भागो, जीवन भूमियां, पीर बहलोल, पंडित ब्रह्मदास, राम बुलार, गोपाल पांधा, हरदयाल, पुरोहित, दौलत खां, लोधी, भाई लालो, भाई मरदाना, मनमुख भागीरथ, दुनी चंद, शेख सज्जन, हमजा गौंस, साल सराए, नूर शाह, कौटा राक्षस, वलि कंधारी, राजा शिभनाथ इत्यादि को अपने उपदेश विचारों से प्रभावित किया तथा शुभ कर्म, करनी, कथनी तथा कर्मठता का उपदेश दिया। उनके समकालीन बादशाह, बहिलोल, सिकंदर, इब्राहम लोधी, बाबर तथा हुमायंू हुए हैं। बाबा नानक को उर्दू, गुरमुखी, संस्कृत, फारसी आदि विद्या का ज्ञान था। उन्होंने लगभग 22 वर्ष देश-विदेश में पैदल चल कर धर्म प्रचार किया। अंधविश्वास तथा अधर्म का खंडन किया। आपने पांच बड़ी उदासियां की। प्रथम उदासी में आपने अंधविश्वास के खिलाफ प्रचार किया। आप प्रसिद्ध हिंदू तीर्थ जैसे जगन्नाथपुरी, गया, बनारस, हरिद्वार, कुरुक्षेत्र आदि स्थानों में भी गए। द्वितीय उदासी में आप पंजाब से संगलदीप (लंका) तक गए तथा लोगों के रू-ब-रू हुए तथा उनको सही मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
– बलविंदर बालम, गुरदासपुर
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
