भाई दूज 2026 : जानिए क्या है तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त और किन-किन बातों का रखें ध्यान

By: Nov 10th, 2026 9:00 pm

नवंबर का महीना अपने साथ बहुत से त्योहार और खुशियां लेकर आया है इस महीने की शुरुआत से ही त्योहारों की बौछार शुरू हो गई है । पहले धनतेरस फिर दिवाली और अब भैया दूज। भाई-बहन के अटूट प्यार, स्नेह और विश्वास का प्रतीक भाई दूज का पर्व इस वर्ष 11 नवंबर को मनाया जाएगा। भैया दूज केवल तिलक लगाने और उपहार देने का त्योहार नहीं, बल्कि भाई-बहन के उस रिश्ते का उत्सव है, जिसमें बचपन की यादें, अपनापन और एक-दूसरे की खुशहाली की दुआएं जुड़ी होती हैं। जब बहनें तैयार होकर, पूरे प्यार से भाई के माथे पर तिलक लगाती हैं तो यह मंगलकामना का प्रतीक बन जाता है। अक्सर त्योहारों पर एक ही चिंता सताती है की आखिर इसका शुभ मुहूर्त क्या है और किस तरह से इस त्यौहार को मनाया जाए ।

भैया दूज के दिन बहनें पूजा की थाली सजाती हैं और भाई के माथे पर तिलक लगाकर उसकी लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। भाई भी बहन को उपहार देकर उसके प्रति अपना प्यार जाहिर करते हैं। यह परंपरा सिर्फ उपहारों के आदान-प्रदान तक सीमित नहीं है, बल्कि एक-दूसरे के प्रति सम्मान, विश्वास और जिम्मेदारी निभाने का भाव भी इसमें शामिल होता है। बात यह भी है कि जैसे-जैसे समय बदला, जीवन में व्यस्तता बढ़ती गई, जिस त्योहार को बचपन में सब मिलजुल कर मनाते थे उस त्यौहार के लिए कभी बहन घर पहुंची तो भाई न आ सका और भाई पहुंचा तो बहन नहीं पहुँच सकी, और कहीं बहन भाई के घर पहुंचती है तो कहीं भाई बहन से तिलक करवाने उसके घर जाता है, पर दूरी चाहे कितनी भी हो, इस दिन अपनों से मिलने की खुशी अलग ही होती है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भैया दूज का संबंध यमराज और उनकी बहन यमुना से जुड़ा है। मान्यता है कि इस दिन यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे थे। यमुना ने उनका आदर-सत्कार किया और माथे पर तिलक लगाकर उनके सुखद जीवन की कामना की। बहन के स्नेह और सत्कार से प्रसन्न होकर यमराज ने वरदान दिया कि इस दिन जो भाई अपनी बहन के घर जाकर उससे तिलक करवाएगा, उसे अकाल मृत्यु का भय नहीं रहेगा। इसी मान्यता के चलते भैया दूज पर बहन के हाथों तिलक करवाने की परंपरा निभाई जाती है।

चलिए अब आपको बताते हैं की भाई दूज पर तिलक लगाते समय आपको किन इन बातों का ध्यान रखना है । भाई दूज पर भाई को तिलक लगाते समय सही दिशा का ख्याल रखना बहुत महत्वपूर्ण होता है। मान्यता है कि भाई को उत्तर या उत्तर-पूर्व दिशा की तरफ मुख करके बैठना चाहिए। बहनें पूर्व दिशा की ओर मुख करके तिलक लगा सकती हैं। अलग-अलग क्षेत्रों और परिवारों में दिशा को लेकर अलग-अलग परंपराएं भी हो सकती हैं। इस बात का भी विशेष ख्याल रखें की पूजा के दौरान घर का वातावरण शांत और स्वच्छ होना चाहिए।

साथ ही भाई दूज पर बहनों को अपने भाई के माथे पर अनामिका यानी रिंग फिंगर से तिलक लगाना चाहिए। धार्मिक अनुष्ठानों में अनामिका उंगली का प्रयोग करना शुभ माना जाता है। तिलक लगाने के बाद भाई के माथे पर अक्षत लगाने का भी विधान बताया गया है। तिलक लगाते समय भाई की सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना करनी चाहिए। भाई को तिलक आप रोली, चंदन अथवा कुमकुम से अपनी परंपरा के अनुसार लगा सकती हैं। और भाई दूज पर पूजा की थाली में कुछ चीजों का होना बहुत महत्वपूर्ण होता है। इनके बिना पूजा अधूरी रह सकती है। ऐसे में पूजा थाली में रोली या कुमकुम, अक्षत, दीपक, रुई की बाती, फूल, मिठाई, जल और नारियल अथवा गोला रखें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App