नशा माफिया पर बिलासपुर पुलिस का हमला

By: Nov 14th, 2026 12:52 am

अढ़ाई किलो से अधिक चिट्टा बरामद, सप्लाई नेटवर्क की जड़ें उखाडऩे में जुटा प्रशासन, चार माह में 263 तस्कर गिरफ्तार
स्टाफ रिपोर्टर-बिलासपुर
जिला बिलासपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अपना शिकंजा लगातार कसते हुए तस्करों पर बड़ी कार्रवाई की है। युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले चार माह में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत 103 मामले दर्ज कर 263 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों में हडक़ंप मचा हुआ है। खास बात यह है कि पुलिस अब केवल नशे की खेप के साथ पकड़े जाने वाले आरोपियों तक सीमित नहीं है, बल्कि नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसके पीछे सक्रिय सरगनाओं पर भी शिकंजा कस रही है। जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए पुलिस लगातार योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई कर रही है। बीते चार माह के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत 103 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें 263 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि नशा तस्करी में बार-बार संलिप्त पाए जाने वाले और अवैध कारोबार को संगठित तरीके से चलाने वाले 16 तस्करों के खिलाफ पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत भी कार्रवाई अमल में लाई गई है। यह कार्रवाई नशा कारोबार से जुड़े आरोपियों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से की जा रही है।

अढ़ाई किलो से अधिक चिट्टा पकड़ा
एसपी ने बताया कि पुलिस ने पिछले चार माह में विभिन्न स्थानों पर दबिश, नाकाबंदी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए अढ़ाई किलोग्राम से अधिक चिट्टा बरामद किया है। पुलिस की टीमें जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। नशे की सप्लाई से जुड़े लोगों की पहचान करने के साथ यह भी पता लगाया जा रहा है कि नशे की खेप कहां से पहुंच रही है।

छोटे तस्करों के साथ बड़े सप्लायर भी रडार पर
अभिषेक धीमान ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल नशे की खेप बरामद करना या आरोपियों को गिरफ्तार करना नहीं, बल्कि इस अवैध कारोबार की पूरी सप्लाई चेन को तोडऩा है। इसके लिए गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर उनके संपर्कों, सप्लायरों और नशे के कारोबार में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App