महिला अधिकारों को भाजपा मुखर, विपक्ष ने प्रदेश सरकार पर गारंटी पूरी न करने का जड़ा आरोप
स्टाफ रिपोर्टर — तपोवन
भाजपा की विधायकों ने चौथे दिन गुरुवार को भी सदन में जाने से पहले महिलाओं के अधिकारों व गारंटी को पूरा करने की मांग करते हुए विधायक चैंबर से विधानसभा के प्रवेश द्वार प्रदर्शन तक किया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने महिलाओं को 1500 रुपए मासिक देने की गारंटी को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले कैबिनेट की पहली बैठक में 18 से 60 वर्ष की महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह देने का वादा किया था, लेकिन चार साल बीतने के बावजूद अधिकांश पात्र महिलाओं को इसका लाभ नहीं मिला। सरकार करीब 20 बार इस गारंटी को पूरा करने की घोषणा कर चुकी है, लेकिन महिलाओं को अब तक उनका हक नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक दल इस मुद्दे को लगातार सदन में उठा रहा है। इसी के विरोध में भाजपा की ओर से विधानसभा के बाहर धरना दिया जा रहा है, जिसमें कांगड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों की महिलाएं भाग ले रही हैं। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि महिलाओं को अब केवल 1500 रुपए देने के बजाय चार साल के हिसाब से 72 हजार रुपए दिए जाने चाहिए।
कड़ी कार्रवाई करे सरकार
बद्दी में नकली दवाइयां बनाने वाली फैक्टरी पर जयराम ठाकुर ने कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कहीं भी अवैध रूप से दवाइयों का निर्माण या कारोबार हो रहा है, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
