पंजाब में सीबीआई करे पीसीएस भर्ती घोटाले की जांच, मोहाली में भाजयुमो का रोष प्रदर्शन

By: Nov 21st, 2026 12:02 am

 दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई को उठाई आवाज

स्टाफ रिपोर्टर— मोहाली

भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा शुक्रवार को पंजाब लोक सेवा आयोग (पीपीएससी) की पीसीएस मुख्य परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में मोहाली के फेज-3बी2/ फेज.5 ट्रैफिक लाइटों पर विशाल रोष प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने पंजाब के योग्य एवं मेहनती युवाओं के साथ हुए धोखे का आरोप लगाते हुए इस मामले की तत्काल और समयबद्ध सीबीआई जांच करवाने की मांग की। भाजपा मोहाली के जिला अध्यक्ष संजीव वशिष्ट के नेतृत्व में सैकड़ों युवा कार्यकर्ताओं ने भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी की सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा प्रदेश की उच्च प्रशासनिक सेवाओं की भर्ती में मेरिट और पारदर्शिता के साथ लगातार समझौता किया जा रहा है।

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए भाजपा मोहाली के जिला अध्यक्ष संजीव वशिष्ट ने कहा कि गुरुवार को पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट द्वारा पीसीएस मुख्य परीक्षा के परिणामों और साक्षात्कार प्रक्रिया पर 16 दिसंबर तक रोक लगाए जाने से उम्मीदवारों द्वारा उठाए गए सवालों की गंभीरता सामने आई है। उन्होंने मांग की कि सभी परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी फुटेज तत्काल सुरक्षित की जाए और पूरे मामले की जांच सीबीआई को सौंपी जाए। वशिष्ट ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने के समय भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था और पंजाब के युवाओं को रोजगार देने के वादे किए थे, लेकिन आज लगभग हर बड़ी भर्ती प्रक्रिया अनियमितताओं और प्रशासनिक विफलताओं के कारण अदालतों में अटकी हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा और युवा मोर्चा पंजाब के मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे। यदि सरकार ने तुरंत स्वतंत्र सीबीआई जांच के आदेश जारी करके जवाबदेही तय नहीं की, तो पंजाब के हर जिला में संघर्ष और तेज किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App