WhatsApp पर घर बैठे चेक करें अपना PF बैलेंस, EPFO ने शुरू की नई सुविधा

By: Nov 2nd, 2026 12:40 pm

नई दिल्ली। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने करोड़ों सदस्यों के लिए एक नई सुविधा शुरू की है। अब कर्मचारी WhatsApp के जरिए ही अपने प्रोविडेंट फंड (PF) खाते का बैलेंस चेक कर सकेंगे। इसके अलावा वे अपनी पासबुक की जानकारी देख पाएंगे और पिछले पांच ट्रांजेक्शन का विवरण भी प्राप्त कर सकेंगे। इस सुविधा की घोषणा केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने EPFO के 74वें स्थापना दिवस समारोह के दौरान की। इसका मकसद कर्मचारियों को PF से जुड़ी सेवाएं आसानी से उपलब्ध करवाना है, ताकि उन्हें छोटी-छोटी जानकारी के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

WhatsApp से कैसे चेक करें PF बैलेंस?

EPFO की WhatsApp सेवा का इस्तेमाल करना काफी आसान है। इसके लिए आपको नीचे दिए गए कुछ स्टेप फॉलो करने होंगे।

  1. सबसे पहले अपने WhatsApp पर 8796441800 नंबर पर Hi लिखकर मैसेज भेजें।
  2. इसके बाद आपको भाषा चुनने का विकल्प मिलेगा। अपनी पसंद की भाषा चुनें।
  3. अब आपको चार विकल्प दिखाई देंगे।
  4. पहला विकल्प PF बैलेंस चेक करने के लिए, दूसरा पिछले पांच ट्रांजेक्शन देखने के लिए, तीसरा पासबुक डाउनलोड करने के लिए और चौथा भाषा बदलने के लिए होगा।
  5. अपनी जरूरत के अनुसार विकल्प चुनें और Send पर क्लिक करें।
  6. इसके बाद आपको संबंधित जानकारी WhatsApp पर मिल जाएगी।

छोटे PF खातों का पैसा निकालना होगा आसान

EPFO ने एक और बड़ी सुविधा शुरू की है। इसके तहत कुछ निष्क्रिय (Inactive) PF खातों में जमा पैसे का भुगतान अपने आप किया जाएगा। इस सुविधा का लाभ उन सदस्यों को मिलेगा जिनके आधार से सत्यापित PF खाते निष्क्रिय हैं और उनमें 1,000 रुपए तक की राशि जमा है। ऐसे खाताधारकों को अपना पैसा निकालने के लिए अलग से क्लेम करने की जरूरत नहीं होगी। EPFO उनकी पहचान और बैंक खाते का सत्यापन करने के बाद खुद ही भुगतान की प्रक्रिया शुरू करेगा। इसके बाद पैसा संबंधित सदस्य या उसके पात्र लाभार्थी के बैंक खाते में भेज दिया जाएगा।

करीब एक लाख खाताधारकों को मिलेगा फायदा

EPFO की इस पहल से करीब एक लाख निष्क्रिय खातों को फायदा मिलने की उम्मीद है। इन खातों में लगभग 5 करोड़ रुपये जमा हैं। इस सुविधा से उन कर्मचारियों को राहत मिलेगी, जिनके पुराने PF खातों में छोटी रकम जमा है और वे उसे निकालने के लिए लंबी प्रक्रिया से बचना चाहते हैं। कुल मिलाकर EPFO की नई WhatsApp सेवा और ऑटोमैटिक PF सेटलमेंट सुविधा से कर्मचारियों के लिए भविष्य निधि से जुड़ी सेवाएं पहले के मुकाबले आसान हो सकती हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App