बीबीएन से कसौली तक छठ महापर्व की धूम, बाजारों में रौनक

By: Nov 14th, 2026 12:54 am

नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान शुरू; पूजा सामग्री और फलों की खरीददारी में जुटे श्रद्धालु, 15 को अस्ताचलगामी सूर्य को देंगे अघ्र्य
टीम-बीबीएन, कसौली
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) से लेकर कसौली उपमंडल तक लोक आस्था के चार दिवसीय छठ महापर्व की रौनक देखने को मिल रही है। शुक्रवार को नहाय-खाय की रस्म के साथ पर्व का विधिवत आगाज हो गया। बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश से आकर हिमाचल में बसे परिवारों में छठ पूजा को लेकर खासा उत्साह है। व्रतियों ने स्नान और घरों की साफ-सफाई के बाद पूजा-अर्चना कर लौकी की सब्जी, चावल और दाल सहित सात्विक भोजन ग्रहण किया। वहीं, कसौली क्षेत्र के बाजारों में भी पूजा सामग्री, फल, नारियल और गन्ने की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। बीबीएन में विभिन्न स्थानों पर छठ घाटों को सजाने और श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाएं जुटाने का काम शुरू हो गया है।

रोजगार के सिलसिले में यहां बसे पूर्वांचल के हजारों परिवार अब अपने गृह राज्यों की बजाय स्थानीय स्तर पर ही छठ पर्व मनाने लगे हैं। इससे क्षेत्र में इस महापर्व का आयोजन हर वर्ष और व्यापक होता जा रहा है। श्रद्धालु बांस के सूप, दौरा, नारियल, केला, गन्ना, सिंघाड़ा और अन्य पूजन सामग्री जुटा रहे हैं। पूजा के लिए पारंपरिक ठेकुआ और प्रसाद भी तैयार किया जा रहा है। महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना की रस्म होगी। व्रती दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके बाद करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा। रविवार 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि सोमवार 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अघ्र्य अर्पित करने के बाद व्रत का पारण होगा। छठ पूजा के आयोजन से क्षेत्र में धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक एकता और आपसी भाइचारे की भावना भी मजबूत हो रही है।

बाजारों में खरीददारी, कारोबारियों को भी लाभ
कसौली उपमंडल के बाजारों में छठ पूजा की सामग्री और फलों की मांग बढ़ गई है। श्रद्धालु बांस की टोकरियां, सूप, नारियल, केले और गन्ने सहित अन्य जरूरी सामान खरीद रहे हैं। दुकानदारों को भी पर्व के चलते कारोबार बढऩे की उम्मीद है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App