मुख्यमंत्री 20 को नशे के खिलाफ फूंकेंगे बिगुल

By: Nov 5th, 2026 12:56 am

एचपीसीए स्टेडियम धर्मशाला में आयुष मंत्री यादविंदर गोमा ने अभियान की तैयारियों का लिया जायजा, लेजर शो में नामी कलाकार देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

स्टाफ रिपोर्टर – धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश में युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने, खेल प्रतिभाओं को निखारने तथा चिट्टा एवं अन्य नशों के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान-2026 का सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू 20 नवंबर को धर्मशाला स्टेडियम में भव्य आगाज करेंगे। खेलों हिमाचल अभियान के तहत प्रदेश भर की हज़ारों प्रतिभाएं विभिन्न छह गेम्स जिसमें कबड्डी, वालीबाल व क्रिकेट को फाइनल कर लिया गया है, अन्य तीन को जल्द शामिल किया जाएगा। इसमें ब्लॉक, जिला व राज्यस्तर पर पांच से छह माह तक खेल आयोजन करवाए जाएंगे। जिसके लिए राज्य सरकार व सीएम की ओर से 22 करोड़ का बजट विशेष रूप से रखा गया है। धर्मशाला स्टेडियम में तपोवन विधानसभा शीतकालीन सत्र के बीच में होने वाले भव्य कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बुधवार को एचपीसीए स्टेडियम धर्मशाला में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल तथा कानून मंत्री यादविंदर गोमा ने की। बैठक में अभियान के शुभारंभ की तैयारियों की समीक्षा की गई, तथा आयोजन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल तथा कानून मंत्री यादविंदर गोमा ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार प्रदेश के युवाओं को खेल गतिविधियों से जोडऩे तथा उनकी प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करने के लिए यह विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों एवं सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना है। केबिनेट मंत्री ने कहा कि खेलो इंडिया कार्यक्रम की तर्ज पर हिमाचल प्रदेश में पहली बार इस तरह का व्यापक खेल आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार अब छह खेलों को प्रतियोगिता में शामिल किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया जा रहा है, तथा अधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित की जा रही हैं। खेल गतिविधियों के माध्यम से चिट्टा एवं अन्य नशों के विरुद्ध जागरूकता का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का शुभारंभ 20 नवंबर को हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) के मैदान में किया जाएगा। इस दौरान ड्रोन-शो, लेज़र शो के साथ ही नामी कलाकारों की सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया जाएगा। बैठक के उपरांत यादविंदर गोमा ने समस्त अधिकारियों सहित एचपीसीए स्टेडियम के आयोजन स्थल का निरीक्षण भी किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App