शिमला की वादियों में गूंजा फिल्मी एक्शन

By: Nov 14th, 2026 12:55 am

वे फकीरा की शूटिंग शुरू, गुरनाम भुल्लर और ईशा मालवीय पहुंचे राजधानी, उमड़ी भीड़
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
पर्यटन नगरी शिमला में एक बार फिर फिल्मी गतिविधियां तेज हो गई हैं। शहर की खूबसूरत वादियों में पंजाबी फिल्म वे फकीरा की शूटिंग शुरू हो गई है। फिल्म की शूटिंग के लिए पंजाबी गायक एवं अभिनेता गुरनाम भुल्लर और अभिनेत्री ईशा मालवीय शिमला पहुंचे हैं। दोनों कलाकारों के राजधानी पहुंचने के बाद फिल्म यूनिट ने अलग-अलग लोकेशन पर दृश्यों को फिल्माने का काम शुरू कर दिया है। शिमला के प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक स्थलों को फिल्म के जरिए बड़े पर्दे पर दिखाने की तैयारी है। शुक्रवार को रिज मैदान पर फिल्म की शूटिंग हुई। इस दौरान रिज मैदान पर लोगों की भीड़ देखने को मिली। इस दौरान कई लोग कलाकारों की एक झलक पाने के लिए उत्सुक नजर आए। रिज पर घूमने पहुंचे पर्यटकों के बीच भी फिल्म की शूटिंग आकर्षण का केंद्र बनी रही। फिल्म यूनिट और कैमरों को देखकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

शिमला की खूबसूरत वादियां, पहाड़ों का नजारा और यहां का प्राकृतिक वातावरण लंबे समय से फिल्म निर्माताओं को आकर्षित करता रहा है। यही वजह है कि समय-समय पर बॉलीवुड और पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की टीमें यहां शूटिंग के लिए पहुंचती रहती हैं। फिल्म वे फकीरा की शूटिंग से एक बार फिर शिमला की खूबसूरती बड़े पर्दे पर नजर आएगी। गौर रहे कि गुरनाम भुल्लर पंजाबी संगीत और फिल्म जगत का जाना-पहचाना नाम हैं। वहीं, अभिनेत्री ईशा मालवीय भी अभिनय के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं। दोनों कलाकारों के शिमला पहुंचने से स्थानीय लोगों और पर्यटकों में फिल्म की शूटिंग को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App