स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण एनएचपीसी की प्राथमिकता
बैरास्यूल पावर स्टेशन में धूमधाम से मनाया एनएचपीसी का 52वां स्थापना दिवस
निजी संवाददाता-सुरंगाणी
बैरास्यूल पावर स्टेशन सुरंगानी में एनएचपीसी लिमिटेड का 52वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हेड ऑफ प्रोजेक्ट कबिराज ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में पावर स्टेशन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस मौके पर कबिराज ने कहा कि एनएचपीसी लिमिटेड वर्ष 1975 से देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। जलविद्युत उत्पादन के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाली एनएचपीसी आज देश के प्रमुख विद्युत उपक्रमों में शामिल है। बैरास्यूल पावर स्टेशन भी जिला चंबा में एनएचपीसी की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में से एक है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष स्थापना दिवस की थीम में खेलकूद, फिटनेस, आपसी एकता और टीम भावना को विशेष महत्व दिया गया है। उन्होंने कर्मचारियों को खेल गतिविधियों में बढ़-चढक़र भाग लेने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण, नवाचार और सामूहिक प्रयास एनएचपीसी की प्रगति के प्रमुख आधार हैं। एनएचपीसी के 52 वर्षों का सफर देश के ऊर्जा क्षेत्र में संस्थान के निरंतर योगदान, समर्पण और उपलब्धियों को दर्शाता है। इस अवसर पर बैरास्यूल पावर स्टेशन के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
