‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत चुराह के देहग्रां पहुंचे CM सुक्खू, ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

By: Nov 5th, 2026 2:06 pm

चंबा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू गत रात चंबा ज़िला के चुराह विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बैरागढ़ के देहग्रां पहुंचे। राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत आयोजित इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों, महिला मंडलों और युवक मंडलों के साथ सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों की वास्तविक समस्याओं और वहां की भौगोलिक परिस्थितियों को करीब से समझना है। इन्हीं जानकारियों के आधार पर बजट में आवश्यक बदलाव कर विकास योजनाएं तैयार की जाती हैं।

सीएम सुक्खू ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मज़बूत करने और गांवों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने जनजातीय क्षेत्रों में पर्यटन और नवीकरणीय ऊर्जा को सतत् आजीविका के प्रमुख साधन के रूप में भी चिन्हित किया है। होम-स्टे स्थापित करने, उनका विस्तार अथवा उन्नयन के लिए 5 करोड़ रुपए तक के निवेश पर प्रदेश सरकार द्वारा 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान प्रदान किया जा रहा है। 680 करोड़ रुपए की राजीव गांधी स्टार्ट-अप स्वरोज़गार सौर ऊर्जा योजना के तहत निजी भूमि पर 100 किलोवाट से 2 मेगावाट तक के सोलर पैनल लगाने के लिए जनजातीय क्षेत्रों में 5 प्रतिशत और गैर-जनजातीय क्षेत्रों में 4 प्रतिशत ब्याज अनुदान का प्रावधान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति ग्रामीण क्षेत्रों में 250 किलोवाट से 1 मेगावाट तक का सोलर पावर प्रोजेक्ट स्थापित करने के लिए बैंक से ऋण लेता है, तो उस पर लगने वाले 9 प्रतिशत ब्याज में से 5 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी राज्य सरकार द्वारा दी जाएगी। इसका उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और स्वरोजगार के अवसर सृजित करना है।

सीएम सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार अगले माह से ‘मुख्यमंत्री का अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ शुरू करेगी। इस योजना के तहत गरीब परिवारों की पात्र महिलाओं को 1,500 रुपए प्रतिमाह की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को 300 यूनिट निःशुल्क बिजली तथा स्वास्थ्य बीमा कार्ड के माध्यम से निःशुल्क चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इस योजना से बैरागढ़ की 182 महिलाओ को 1500-1500 प्रतिमाह वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके साथ ही बैरागढ़ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला को अगले सत्र से सीबीएसई सम्बद्ध करने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण अपनी समस्याएं और मांग पत्र लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से प्राप्त सभी जायज़ जन-शिकायतों का निपटारा त्वरित और समयबद्ध तरीके से किया जाए। दुर्गम और पिछड़े माने-जाने वाले चुराह क्षेत्र के देहग्रां में मुख्यमंत्री के पहुंचने पर स्थानीय जनता, महिलाओं और युवाओं में भारी उत्साह देखा गया और पारंपरिक तरीके से मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App