आंध्र प्रदेश-ओडिशा के तट से टकराया चक्रवात अकवान, ओडिशा-आंध्र में भारी बारिश
90 किलोमीटर प्रति घंटा रही हवा की रफ्तार
चार लाख लोग शिफ्ट
9341 राहत शिविर बनाए 423 रेस्क्यू टीमें तैनात
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्लीे
बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अकवान ने उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा का तट पार कर लिया है। मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती तूफान अकवान शुक्रवार सुबह करीब 7:30 से 8:30 बजे के बीच आंध्र प्रदेश और ओडिशा के बीच गोपालपुर तट से टकराया। इस दौरान हवा की गति 70-90 किमी प्रति घंटा थी। वहीं, लगातार बारिश के कारण गोपालपुर इलाके की कुछ जगहों पर जलभराव हुआ।
गोपालपुर में सबसे ज़्यादा बारिश हुई, जहां 166 मिमी बारिश दर्ज की गई। तूफान के असर से ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल में तेज बारिश का दौर जारी रहा। ओडिशा में करीब चार लाख लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। इनके लिए 9,341 राहत शिविर बनाए गए हैं। साथ ही 423 रेस्क्यू टीमें तैनात की गई हैं। तूफान के चलते पूर्वी रेलवे ने 41 और दक्षिण पूर्व रेलवे ने 28 एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द कर दी हैं। वहीं, 29 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। तूफान का असर 10 राज्यों में पड़ सकता है। तमिलनाडु, पुड्डुचेरी के अलावा मध्य प्रदेश और झारखंड में भी मौसम बदल सकता है और बारिश हो सकती है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
