रिवालसर में किशोर, सुंदरनगर में युवती की मौत
बाथरूम में फंदे से लटका मिला आठवीं का छात्र, जांच तेज
निजी संवाददाता- रिवालसर
रिवालसर में 14 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। बच्चा बाथरूम में फंदे से लटका मिला है। यह घटना बल्ह थाना क्षेत्र के अंतर्गत नगर पंचायत रिवालसर के वार्ड नंबर-2 में शनिवार को घटित हुई है। बच्चा आठवीं कक्षा का छात्र था। छात्र घर के बाथरूम में फंदे से लटका मिला है। पिता की नजर पड़ते ही उसे तुरंत नागरिक अस्पताल रिवालसर पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना शनिवार दोपहर करीब एक बजे की है। स्कूल में अवकाश होने के कारण छात्र घर पर ही था। इस दौरान उसके दादा-दादी भी घर पर मौजूद थे, जबकि उसकी माता स्कूल में आयोजित अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) में भाग लेने गई हुई थी। इसी बीच छात्र के पिता ने उसे घर के बाथरूम में फंदे से लटका हुआ देखा। यह दृश्य देखकर परिवार के लोग घबरा गए और आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही रिवालसर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार की इकलौती संतान की इस तरह अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल छात्र की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की पुष्टि डीएसपी मुख्यालय मंडी दिनेश कुमार ने की है।
झुग्गी के बाहर जमीन पर अचेत अवस्था में मिली थी युवती
स्टाफ रिपोर्टर,सुंदरनगर
पुलिस थाना सुंदरनगर के अंतर्गत रोपा स्थित प्रवासी झुग्गी-झोंपड़ी में 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवती झुग्गी के बाहर जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ी मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की, लेकिन युवती के शरीर पर किसी प्रकार के जाहिरा चोट के निशान नहीं पाए गए। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान अंगूरी उर्फ रोशनी पुत्री नेक पाल निवासी गांव डलवा शहीदां, डाकघर जगत, तहसील एवं जिला बदायूं, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। उसकी उम्र 18 वर्ष बताई जा रही है। 13 नवंबर को पुलिस को रोपा स्थित प्रवासी झुग्गी-झोंपड़ी में युवती की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो युवती झुग्गी के बाहर जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ी हुई थी। इसके बाद महिला आरक्षी के माध्यम से युवती के शरीर की तलाशी करवाई गई। इस दौरान शरीर पर किसी भी प्रकार के जाहिरा चोट के निशान नहीं मिले। मौके पर मौजूद किसी भी गवाह ने भी घटना को लेकर कोई शक-सुबहा जाहिर नहीं किया। पुलिस युवती को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल सुंदरनगर लेकर पहुंची, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। शनिवार को युवती का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
क्या बोले डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि जांच जारी है। शनिवार को युवती का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
