पीजीआई-एम्स दिल्ली से पीजी पर हिमाचल में सीधी नियुक्ति, न लिखित परीक्षा न इंटरव्यू, ऐसे होगा चयन
सीनियर रेजिडेंट और ट्यूटर स्पेशलिस्ट के पद पर बिना रिटन टेस्ट-इंटरव्यू होगी भर्ती
स्टाफ रिपोर्टर — शिमला
प्रदेश सरकार ने प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में सीनियर रेजिडेंट और ट्यूटर स्पेशलिस्ट के पदों पर भर्ती को लेकर बड़ा फैसला लिया है। अब पीजीआई चंडीगढ़ और एम्स दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएशन (पीजी) करने वाले डॉक्टरों को प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में सीधी नियुक्ति दी जाएगी। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की ओर से इस बारे में अधिसूचना जारी की गई है। यानी इन संस्थानों से पीजी की पढ़ाई पूरी करने वाले डॉक्टरों को सीनियर रेजिडेंट/ ट्यूटर स्पेशलिस्ट के पदों पर नियुक्ति के लिए अलग से लिखित परीक्षा या इंटरव्यू नहीं देना होगा। इन पदों पर चयन डॉक्टरों की एमबीबीएस और पीजी में प्राप्त मेरिट के आधार पर किया जाएगा। सरकार ने यह प्रावधान सीधी भर्ती के लिए निर्धारित 33.33 प्रतिशत कोटे के तहत किया है। इसके लिए रेजिडेंट डॉक्टर्स पॉलिसी-2025 में नया क्लॉज 7.3.8 जोड़ा गया है।
इस फैसले से पीजीआई चंडीगढ़ और एम्स दिल्ली से पढ़ाई करने वाले डॉक्टरों को हिमाचल के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में नौकरी पाने का अवसर मिलेगा। साथ ही प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ाने में भी मदद मिलने की उम्मीद है। गौर हो कि सुक्खू सरकार ने प्र्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार के लिए कई अहम फैसले लिए हैं। प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में खाली पदों को भरा जा रहा है और सभी संस्थानों में आधुनिक मशीनें स्थापित की जा रही हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
