ईश्वर की खोज बाहर नहीं, अपने भीतर कीजिए

By: Nov 14th, 2026 12:28 am

मनुष्य का स्वभाव है कि वह जीवनभर सुख, शांति और संतोष की तलाश में भटकता रहता है। इसी तलाश में कभी मंदिरों की चौखट पर सिर झुकाता है, कभी तीर्थयात्राएं करता है तो कभी धार्मिक अनुष्ठानों और कर्मकांडों के माध्यम से ईश्वर को प्रसन्न करने का प्रयास करता है। निस्संदेह पूजा-पाठ, तीर्थाटन और धार्मिक आस्था हमारे जीवन में सकारात्मकता तथा संस्कारों का संचार करते हैं, लेकिन क्या ईश्वर की प्राप्ति का वास्तविक मार्ग केवल बाहरी साधनों तक सीमित है? सनातन दर्शन और संतों की वाणी हमें इसका उत्तर अपने अंतर्मन में तलाशने की प्रेरणा देती है। संत कबीरदास जी ने इसी शाश्वत सत्य को कितनी सहजता से व्यक्त किया है- ‘मोको कहां ढूंढे रे बंदे, मैं तो तेरे पास में। ना मैं देवल, ना मैं मस्जिद, ना काबे कैलास में।’ कबीर की वाणी का आशय धार्मिक स्थलों या पूजा-पद्धतियों का विरोध करना नहीं, बल्कि मनुष्य को बाहरी आडंबरों से आगे बढक़र आत्मचिंतन की प्रेरणा देना है।

जिस प्रकार कस्तूरी मृग अपनी नाभि में विद्यमान सुगंध से अनजान होकर उसे जंगल में खोजता फिरता है, उसी प्रकार मनुष्य भी अपने भीतर विद्यमान दिव्य चेतना को पहचानने के बजाय संसार में ईश्वर की तलाश करता रहता है। श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने भी परमात्मा की इसी आंतरिक उपस्थिति का उल्लेख किया है। गीता के पंद्रहवें अध्याय के पंद्रहवें श्लोक में वे कहते हैं- ‘सर्वस्य चाहं हृदि सन्निविष्टो मत्त: स्मृतिज्र्ञानमपोहनं च।’ अर्थात मैं समस्त प्राणियों के हृदय में स्थित हूं। मुझसे ही स्मृति, ज्ञान और विवेक की प्राप्ति होती है। यह संदेश स्पष्ट करता है कि ईश्वर कोई दूरस्थ सत्ता मात्र नहीं, बल्कि समस्त सृष्टि में व्याप्त परम चेतना है। अपने भीतर ईश्वर को खोजने की पहली शर्त मन की शुद्धि है। मनुष्य को अपने विचारों, व्यवहार और कर्मों का नियमित आत्मविश्लेषण करना चाहिए। यदि हमारे मन में किसी के प्रति द्वेष है, व्यवहार में छल-कपट है और कर्मों में स्वार्थ छिपा है, तो केवल पूजा-पाठ से आध्यात्मिक पूर्णता प्राप्त नहीं हो सकती।

सत्य, अहिंसा, क्षमा, करुणा और विनम्रता जैसे गुणों को जीवन में अपनाना ही वास्तविक साधना है। इसके लिए ध्यान, जप और प्रार्थना को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जा सकता है। प्रतिदिन कुछ समय शांत बैठकर अपनी श्वास पर ध्यान केंद्रित करना, मन में उठने वाले विचारों को समझना और आत्मचिंतन करना अंतर्मन को स्थिर बनाने में सहायक होता है। स्वयं से यह प्रश्न करना भी आवश्यक है कि मैं कौन हूं, मेरे जीवन का उद्देश्य क्या है और मेरे कर्मों से दूसरों को कितना लाभ पहुंच रहा है? ऐसे प्रश्न मनुष्य को अपने वास्तविक स्वरूप और जीवन के आध्यात्मिक उद्देश्य की ओर ले जाते हैं। साथ ही किसी सदाचारी गुरु अथवा संत का मार्गदर्शन आध्यात्मिक यात्रा को सही दिशा प्रदान कर सकता है। ईश्वर की खोज का सबसे व्यावहारिक मार्ग नि:स्वार्थ सेवा और परोपकार है। भूखे को भोजन कराना, जरूरतमंद की सहायता करना, दुखी व्यक्ति को सांत्वना देना, बुजुर्गों का सम्मान करना और प्रकृति की रक्षा करना भी ईश्वर की आराधना के ही स्वरूप हैं। जब हम किसी असहाय व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास करते हैं, तब हमारी भक्ति केवल शब्दों तक सीमित नहीं रहती, बल्कि कर्मों में अभिव्यक्त होती है। मानव सेवा को माधव सेवा मानने की भारतीय परंपरा इसी भावना को पुष्ट करती है।

वास्तव में ईश्वर ने हमें मानव जीवन, विवेक, बुद्धि, प्रकृति, परिवार, प्रेम और संवेदनाओं जैसे अनमोल उपहार दिए हैं। इनका सम्मान करना और इनके प्रति कृतज्ञ रहना भी आध्यात्मिक जीवन का महत्वपूर्ण अंग है। दुर्भाग्यवश मनुष्य भौतिक इच्छाओं की दौड़ में इतना उलझ गया है कि अपने भीतर की शांति और संतोष को ही भूलता जा रहा है। मंदिर में दीप जलाना अच्छी बात है, लेकिन अपने अंतर्मन में सद्भाव और करुणा का दीप प्रज्वलित करना उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है। जब मन से अहंकार का अंधकार मिटता है, हृदय में प्रेम का प्रकाश फैलता है और जीवन परोपकार के मार्ग पर आगे बढ़ता है, तभी आध्यात्मिक अनुभूति गहरी होती है। इसलिए ईश्वर को पाने के लिए केवल बाहर की यात्राएं मत कीजिए, कभी अपने अंतर्मन की यात्रा भी कीजिए। संभव है, जिस परमात्मा को आप संसारभर में खोज रहे हैं, उसकी अनुभूति आपको अपने ही भीतर हो जाए।

-डॉ. अनुज कुमार आचार्य, बैजनाथ


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App