डॉ. इंदु भूषण बने दीपिका पादुकोण के लिव लव लाफ फाउंडेशन के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज़ का हिस्सा
आयुष्मान भारत को आकार देने में अहम भूमिका निभाने वाले डॉ. भूषण अपने साथ स्वास्थ्य सेवा प्रणाली के निर्माण और संचालन का व्यापक अनुभव लेकर आए हैं। फाउंडेशन अपने दूसरे दशक में प्रवेश कर रहा है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (National Health Authority) के संस्थापक CEO और इसकी महत्वाकांक्षी योजना आयुष्मान भारत से जुड़े रहे डॉ. इंदु भूषण को द लिव लव लाफ फाउंडेशन (LLL) के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज़ में नियुक्त किया गया है।
https://www.thelivelovelaughfoundation.org
डॉ. भूषण का करियर भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), विश्व बैंक और एशियाई विकास बैंक (ADB) तक फैला रहा है। एशियाई विकास बैंक में उन्होंने डायरेक्टर जनरल के रूप में कार्य किया और चीन सहित एशिया की विभिन्न अर्थव्यवस्थाओं के साथ संस्थान के जुड़ाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के संस्थापक CEO के रूप में उन्होंने आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के क्रियान्वयन की रूपरेखा तैयार करने और उसका नेतृत्व करने में अहम भूमिका निभाई, जिससे देशभर में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और वितरण को मजबूती मिली।
डॉ. भूषण की यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब अभिनेत्री दीपिका पादुकोण द्वारा स्थापित LLL फाउंडेशन भारत में मानसिक स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाने, उसकी पहुंच को आसान बनाने और उसे किफायती बनाने के अपने प्रयासों के दूसरे दशक में प्रवेश कर रहा है।
LLL की संस्थापक दीपिका पादुकोण ने कहा, “जब मैंने 2015 में द लिव लव लाफ फाउंडेशन की शुरुआत की थी, तब मेरा उद्देश्य एक ऐसा मंच तैयार करना था, जहां मानसिक स्वास्थ्य को लेकर बातचीत अधिक खुलेपन और संवेदनशीलता के साथ शुरू हो सके और लोगों के लिए देखभाल एवं उपचार तक पहुंच बेहतर बनाई जा सके। बीते वर्षों में LLL ने जितनी प्रगति की है, उसकी हमने कभी कल्पना भी नहीं की थी। हालांकि, मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बनाना आज भी उतना ही महत्वपूर्ण है। हम व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाने के तरीकों पर भी काम करना चाहते हैं। डॉ. भूषण की नियुक्ति से हमारे बोर्ड को ठीक उसी तरह का अनुभव और विशेषज्ञता मिलेगी, जिसकी LLL को अपने मिशन को और आगे बढ़ाने के लिए आवश्यकता है। मैं बोर्ड में उनका स्वागत करते हुए बेहद खुश हूं।”
द लिव लव लाफ फाउंडेशन के चेयरपर्सन डॉ. श्याम भाट ने कहा, “भारत के सार्वजनिक स्वास्थ्य एजेंडे में मानसिक स्वास्थ्य को अधिक मजबूती से शामिल करना देश की विकास क्षमता को पूरी तरह साकार करने के लिए बेहद जरूरी है। डॉ. भूषण अपने साथ सार्वजनिक स्वास्थ्य, नीतिगत समझ और योजनाओं के क्रियान्वयन का दुर्लभ अनुभव लेकर आए हैं। आयुष्मान भारत जैसी व्यापक स्वास्थ्य योजना को तैयार करने और बड़े स्तर पर लागू करने का उनका प्रत्यक्ष अनुभव इस बात की गहरी समझ प्रदान करता है कि बड़े स्वास्थ्य तंत्र किस तरह तैयार किए जाते हैं और उनका संचालन कैसे होता है। यह अनुभव भारत के मानसिक स्वास्थ्य इकोसिस्टम में LLL के निरंतर योगदान को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगा।”
डॉ. इंदु भूषण ने कहा, “मानसिक स्वास्थ्य एक ऐसा क्षेत्र रहा है, जिसमें मैं लंबे समय से योगदान देना चाहता था। द लिव लव लाफ फाउंडेशन ने मानसिक स्वास्थ्य को लेकर समाज की सोच बदलने के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों और उनकी देखभाल करने वालों के लिए सहायता के नए रास्ते तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विशेष रूप से उन समुदायों के लिए, जहां अब तक पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं। मैं LLL के प्रभाव को और मजबूत बनाने तथा भारत की मानसिक स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक सुलभ, समानतापूर्ण और लोगों की जरूरतों के प्रति संवेदनशील बनाने में अपने अनुभव का योगदान देने के लिए उत्सुक हूं।”
डॉ. भूषण पिछले एक वर्ष से अधिक समय से LLL के टेक्निकल एडवाइजरी कमेटी के सदस्य के रूप में भी जुड़े हुए हैं। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक स्तर पर मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने से जुड़े फाउंडेशन के प्रयासों और योजनाओं में अपना योगदान दिया है।
LLL के बारे में:
2015 में अपनी स्थापना के बाद से द लिव लव लाफ फाउंडेशन भारत में मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रहा है। इसके तहत जागरूकता बढ़ाने, सामुदायिक स्तर पर देखभाल की सुविधाएं उपलब्ध कराने और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को किफायती तथा सुलभ बनाने के लिए विभिन्न पहल की जा रही हैं।
फाउंडेशन का ग्रामीण सामुदायिक मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम वर्तमान में कर्नाटक, ओडिशा, तमिलनाडु, केरल, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कई जिलों में संचालित है। इस कार्यक्रम के माध्यम से 18 जिलों में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे 30,000 से अधिक लोगों और उनके देखभालकर्ताओं तक पहुंच बनाई गई है। इस पहल के तहत जागरूकता, शुरुआती स्तर पर समस्याओं की पहचान, उपचार तक पहुंच, देखभालकर्ताओं को सशक्त बनाने और सामुदायिक भागीदारी को एक साथ जोड़कर काम किया जाता है।
यह कार्यक्रम गांव स्तर पर देखभालकर्ताओं के समूहों, ब्लॉक स्तर के महासंघों और प्रशिक्षित सामुदायिक स्वयंसेवकों के माध्यम से संचालित होता है, ताकि समुदाय अपने स्तर पर मानसिक स्वास्थ्य सहायता प्रणालियों का निर्माण कर सकें और उन्हें लंबे समय तक बनाए रख सकें।
LLL ने #NotAshamed और Dobara Poocho जैसे देशव्यापी जागरूकता अभियानों का भी नेतृत्व किया है। इन अभियानों के जरिए मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी बातचीत को चुप्पी और सामाजिक कलंक से बाहर निकालकर समझ, संवेदनशीलता और सकारात्मक कदमों की ओर बढ़ाने का प्रयास किया गया है। LLL का कॉर्पोरेट मेंटल हेल्थ एंड वेल-बीइंग प्रोग्राम संगठनों को डेटा आधारित जानकारी और एक व्यावहारिक रोडमैप उपलब्ध कराता है, जिससे वे मानसिक रूप से अधिक मजबूत और स्वस्थ कार्यस्थल तैयार कर सकें।
डॉ. इंदु भूषण के बारे में:
डॉ. भूषण के पास सार्वजनिक प्रशासन, स्वास्थ्य अर्थशास्त्र, स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन, विकास वित्त और सार्वजनिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में चार दशकों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने 1983 में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) जॉइन की और राजस्थान कैडर में अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान उन्होंने मेडिकल एंड हेल्थ सर्विसेज (IEC) के निदेशक और दौसा के जिला कलेक्टर सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया।
इसके बाद उन्होंने अमेरिका में डॉक्टरेट की पढ़ाई पूरी की और विश्व बैंक में सीनियर इकोनॉमिस्ट के रूप में काम किया। वर्ष 1997 में वह एशियाई विकास बैंक (ADB) से जुड़े। ADB में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई वरिष्ठ नेतृत्वकारी पदों पर काम किया, जिनमें ईस्ट एशिया डिपार्टमेंट के डायरेक्टर जनरल और स्ट्रैटेजी एंड पॉलिसी डिपार्टमेंट के डायरेक्टर जनरल जैसे महत्वपूर्ण पद शामिल हैं। उन्होंने चीन सहित एशिया की कई अर्थव्यवस्थाओं के साथ संस्थान के जुड़ाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वर्ष 2018 में डॉ. भूषण को भारत सरकार की महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य सुरक्षा योजना आयुष्मान भारत और राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण का पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया। उन्होंने राष्ट्रीय डिजिटल स्वास्थ्य मिशन के क्रियान्वयन का भी नेतृत्व किया, जिसे बाद में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन का नाम दिया गया। इस मिशन का उद्देश्य भारत की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए एक मजबूत डिजिटल आधार तैयार करना था।
इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में प्रशिक्षित डॉ. भूषण ने जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ हाइजीन एंड पब्लिक हेल्थ से हेल्थ इकोनॉमिक्स में पीएचडी और मास्टर ऑफ हेल्थ साइंसेज की डिग्री हासिल की है। इसके अलावा, उन्होंने IIT दिल्ली से कंट्रोल सिस्टम्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और IIT-BHU से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया है, जहां वह गोल्ड मेडलिस्ट रहे। वह चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट (CFA) भी हैं।
सार्वजनिक स्वास्थ्य और विकास के क्षेत्र में उनके योगदान को कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। इनमें वियतनाम सरकार द्वारा दिया गया पॉपुलेशन अवॉर्ड, जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी का ग्लोबल अचीवमेंट अवॉर्ड, भारत सरकार का ई-गवर्नेंस गोल्ड मेडल और BHU का गोल्ड मेडल एवं डिस्टिंग्विश्ड एलुमनाई अवॉर्ड शामिल हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
