चंडीगढ़ में नशा तस्करी का भंडाफोड़, 72.54 ग्राम हेरोइन के साथ पांच गिरफ्तार, शहर में करते थे सप्लाई

By: Nov 11th, 2026 12:06 am

72.54 ग्राम हेरोइन के साथ पांच गिरफ्तार, आरोपी शहर में करते थे नशे की सप्लाई

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- चंडीगढ़

चंडीगढ़ पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स एएनटीएफ ने अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी और उनकी निशानदेही पर कुल 72.54 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इसके अलावा नशे की सप्लाई में कथित तौर पर इस्तेमाल की जा रही एक यामाहा मोटरसाइकिल और मारुति स्विफ्ट कार को भी जांच में शामिल किया गया है। यह कार्रवाई एसपी क्राइम अनुराग दारू के नेतृत्व में, डीएसपी क्राइम लक्ष्य पांडे की निगरानी और एएनटीएफ थाना सेक्टर-11 के एसएचओ इंस्पेक्टर हरमिंदरजीत सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अनुसार इस मामले में 10 सितंबर 2026 को एफआईआर नंबर 20 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21 और 29 में केस दर्ज किया गया था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सेक्टर-44डी की पार्किंग से सौरव उर्फ सन्नी और राम बाबू को गिरफ्तार किया।

तलाशी के दौरान सौरव के कब्जे से 58.81 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। राम बाबू उस समय यामाहा मोटरसाइकिल चला रहा था। जांच के दौरान 17 अक्तूबर को सेक्टर-32.डी मार्केट की पार्किंग से मोहम्मद मिनाज और अनूप को गिरफ्तार किया गया। मिनाज की निशानदेही पर 22 अक्तूबर को सेक्टर-49सी में गुरुद्वारे के पास जंगल से 6.12 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। जांच में फिरोजपुर की कुमार मंडी से मारुति स्विफ्ट कार भी बरामद की गई। इसके बाद 24 अक्तूबर को अमृतसर से अक्षय कुमार को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर फिरोजपुर के बस्ती शेखां वाली स्थित दशहरा ग्राउंड के पास ईंट भ_े की दीवार के नजदीक से 7.61 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App