क्वाड में आपसी सहयोग बढ़ाने पर जोर, पीएम मोदी ने बताया इंडो-पैसिफिक के लिए क्या है हमारा सबसे बड़ा लक्ष्य

By: Nov 18th, 2026 12:01 am

क्वाड में आपसी सहयोग बढ़ाने पर जोर, पीएम मोदी बोले, इंडो-पैसिफिक के लिए भरोसेमंद समाधान देना हमारा लक्ष्य

एजेंसियां — मनीला

फिलीपींस की राजधानी मनीला में क्वाड नेताओं की मीटिंग के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साझेदारी के महत्त्व को अंडरलाइन किया। उन्होंने कहा कि, भारत इस समूह को एक रचनात्मक और विश्वसनीय साझेदारी के रूप में देखता है। उन्होंने समुद्री सुरक्षा, भरोसेमंद सप्लाई चेन, नई तकनीक और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। पीएम मोदी ने कहा कि क्वाड का उद्देश्य पूरे इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के लिए भरोसेमंद समाधान उपलब्ध कराना है। बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आप सभी मित्रों से मिलकर मुझे हार्दिक खुशी हो रही है। मनीला का क्वाड से पुराना और विशेष नाता रहा है। साल 2007 में चारों देशों के अधिकारी पहली बार यहीं मिले थे। इसके दस साल बाद 2017 में इसी शहर में हमने अपना संवाद फिर से शुरू किया था। प्रधानमंत्री ने कहा कि एक बार फिर मनीला जैसे ऐतिहासिक शहर में क्वाड की बैठक होना महत्त्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने क्वाड के सदस्य देशों के बीच लगातार बढ़ते सहयोग का भी जिक्र किया।

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले वर्ष जनवरी से अब तक हमारे विदेश मंत्री पांच बार मिल चुके हैं। यह हमारी साझेदारी के प्रति राजनीतिक इच्छाशक्ति और साझा प्रतिबद्धता का प्रमाण है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत क्वाड को एक रचनात्मक और भरोसेमंद साझेदारी के रूप में देखता है। उन्होंने कहा कि समुद्री सुरक्षा से लेकर विश्वसनीय सप्लाई चेन, नई टेक्नोलॉजी और आपदा प्रतिक्रिया तक हमारा प्रयास है कि क्वाड पूरे इंडो-पैसिफिक के लिए भरोसेमंद समाधान प्रदान करे। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्वाड देशों का आपसी सहयोग केवल बैठकों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य क्षेत्र की साझा चुनौतियों का समाधान तलाशना भी है।

पीएम मोदी ने आसियान को दिया शांति का मंत्र

मनीला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आसियान शिखर सम्मेलन में भारत और आसियान के बीच मजबूत होते रिश्तों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि दुनिया लगातार कई संकटों से गुजर रही है और ऐसे समय में शांति, स्थिरता और भरोसेमंद साझेदारी की सबसे ज्यादा जरूरत है। पीएम मोदी के मुताबिक, भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी ने आसियान के साथ संबंधों को नई गति दी है। 2014 से अब तक दोनों पक्षों के बीच लोगों के संपर्क को मजबूत करने के लिए 100 से ज्यादा पहल शुरू की गई हैं।

ट्रंप बोले, पीएम मोदी बहुत सख्त इनसान

क्वाड के मंच से की तारीफ, ईरान पर फिर किया कड़ा हमला

एजेंसियां — मनीला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में क्वाड सम्मिट में गर्मजोशी भरी मुलाकात हुई। इस दौरान जापान की पीएम सनाए ताकाइची और आस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्बनीज मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान, अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ की। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को एक बहुत ही सख्त इनसान बताया और कहा कि पूरी दुनिया उनका सम्मान करती है। ट्रंप ने कहा कि पीएम मोदी के साथ उनके अच्छे संबंध हैं। उन्होंने ‘क्वाड’ देशों के साथ भी मजबूत रिश्ते होने का जिक्र किया। श्री ट्रंप ने भारत, अमरीका, जापान और आस्ट्रेलिया के क्वाड गठबंधन को दुनिया की सबसे महत्त्वपूर्ण साझेदारियों में से एक बताया और कहा कि ये चारों देश ‘स्वतंत्र, खुले, स्थिर और समृद्ध ङ्क्षहद-प्रशांत क्षेत्र के चार स्तंभों’ का प्रतिनिधित्व करते हैं। वहीं, ईरान को लेकर ट्रंप ने एक और अहम बयान दिया और चेतावनी दी कि अगर वाशिंगटन के खिलाफ कोई खतरा पैदा होता है, तो ईरान को इसके नतीजे भुगतने होंगे। ट्रंप ने जोर देकर कहा कि किसी भी हाल में ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिए जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App