लहसुन, मशरूम-कीवी की खेती पर जोर

By: Nov 14th, 2026 12:53 am

जिला सोलन की पंचायतों तक पहुंचेगी प्राकृतिक खेती की जानकारी, किसानों को मिलेगा वैज्ञानिक मार्गदर्शन
निजी संवाददाता-सोलन
जिला सोलन की विभिन्न पंचायतों में किसानों को प्राकृतिक खेती और मृदा स्वास्थ्य संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। कृषि विज्ञान केंद्र, सोलन ने आत्मा, सोलन के संयुक्त तत्वावधान में प्राकृतिक खेती तथा खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों तक वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाने की पहल की है। इसके माध्यम से किसानों को खेती की पारंपरिक विधियों के साथ आधुनिक कृषि तकनीकों से भी जोड़ा जाएगा, ताकि वे कम लागत में बेहतर उत्पादन हासिल कर सकें और अपनी आमदनी बढ़ा सकें। इस अभियान के तहत किसानों को प्राकृतिक खेती के सिद्धांतों, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और फसलों को कीट एवं रोगों से बचाने के वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी दी जा रही है । इसके अलावा देसी गाय आधारित कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने के साथ जीवामृत, घनजीवामृत और बीजामृत तैयार करने तथा उनके उपयोग के बारे में भी किसानों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। खेत बचाओ अभियान के माध्यम से संतुलित उर्वरक उपयोग और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

इससे किसानों को फसल उत्पादन, कीट प्रबंधन और नई तकनीकों के बारे में समय पर मार्गदर्शन मिल सकेगा।इस संबंध में डा. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के निदेशक विस्तार शिक्षा डा. डीपी शर्मा ने बताया कि किसानों से विश्वविद्यालय और कृषि विज्ञान केंद्र के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने का आग्रह किया जा रहा है। खेती से जुड़ी समस्याओं का उचित एवं वैज्ञानिक समाधान प्राप्त करने के लिए किसानों को विशेषज्ञों से नियमित सलाह ले के लिए भी जागरूक किया गया । वहीं, विश्वविद्यालय के कुलपति डा. एच.एस. बवेजा ने कहा कि प्राकृतिक खेती हमारे पूर्वजों की पारंपरिक कृषि पद्धति रही है और यह हमारी कृषि विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसे वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ अपनाने और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करने की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं को कृषि क्षेत्र में आगे आने का आह्वान करते हुए लहसुन की व्यावसायिक खेती, मशरूम उत्पादन और कीवी की खेती को स्वरोजगार एवं आय बढ़ाने के बेहतर विकल्प बताया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App