500 पन्नों की किताब में भी छिपे रह गए कई राज, राहुल गांधी ने खोले परिवार के अनकहे किस्से
नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा है कि उनकी मां सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ में 500 से अधिक पृष्ठ होने के बावजूद इसमें कई बातें छूट गई हैं। राहुल गांधी ने मंगलवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि उनका (राहुल गांधी) सातवां जन्मदिन भी योजना के अनुसार नहीं मनाया जा सका। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी की प्रधानमंत्री बनने के 2004 में लिए गए फैसले से कुछ लोगों को राहत मिली, जबकि कुछ अन्य को खुशी हुई।
उन्होंने अपने पिता राजीव गांधी की सुरक्षा से जुड़े एक मुद्दे को भी उठाया और कहा कि उनके पिता की सुरक्षा वापस लेने के पीछे भी एक मंशा थी। राहुल गांधी ने बताया कि उन्होंने और उनकी बहन प्रियंका गांधी ने अपनी मां के साथ बैठकर इन सभी घटनाओं पर चर्चा करते हुए पुरानी यादों पर बातचीत की थी। पुरानी यादें ताजा करते समय उस वक्त की खुशी, हंसी और दर्द फिर महसूस हुआ। राहुल गांधी ने कहा कि उनकी मां की जीवन-यात्रा में अपार प्रेम और बेहद दुखद घटनाएं रही हैं तथा उन्होंने इन सभी परिस्थितियों का सामना गरिमा और साहस के साथ किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस बातचीत का वीडियो भी साझा किया है।
इस बीच सोनिया गांधी ने भी इसी संदर्भ में एक्स पर लिखा, “मैंने अपनी यादों के आधार पर ‘बिलॉन्गिंग’ लिखी। राहुल और प्रियंका ने भी अपनी यादें साझा कीं और इन कहानियों को एक नया जीवन मिल गया। मेरे बच्चे मेरी सबसे बड़ी खुशी और ताकत हैं और वे दो ऐसे लोग हैं जो किसी और की तुलना में मेरे धैर्य की सबसे अधिक परीक्षा लेते हैं।”
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

