एक ही दिन में चार एग्जाम, हजारों के हाथ से छूटेगा चांस, मामला उठाने के बाद भी नहीं निकला समाधान

By: Nov 27th, 2026 10:17 pm

कल हाईकोर्ट क्लर्क; पटवारी परीक्षा, पुलिस ग्राउंड टेस्ट और टेट होने से युवा निराशा

विधानसभा में मामला उठाने के बाद भी नहीं निकला समाधान

कार्यालय संवाददाता— शिमला

हिमाचल प्रदेश में सरकारी नौकरी और शिक्षक बनने का सपना देख रहे हजारों युवाओं के लिए 29 नवंबर का दिन बड़ी परेशानी लेकर आ रहा है। प्रदेश में रविवार को चार महत्त्वपूर्ण परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं, जिससे राज्य के हजारों युवा प्रभावित हो रहे हैं। हिमाचल हाईकोर्ट की क्लर्क भर्ती, पटवारी भर्ती, पुलिस भर्ती का ग्राउंड टेस्ट और शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचपी टेट) एक ही दिन होने से अभ्यर्थियों के सामने संकट खड़ा हो गया है। एक से अधिक परीक्षाओं के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को अब किसी एक अवसर से हाथ धोने की आशंका सता रही है। गौरतलब ये है कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र में ये मामला चुराह के भाजपा विधायक हंसराज ने उठाया था। सीएम सुक्खू ने कोई हल निकालने को भी कहा था, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ। युवाओं का कहना है कि अलग-अलग भर्ती संस्थाओं की ओर से परीक्षा कार्यक्रम तय करते समय आपसी समन्वय नहीं किया गया, जिसका खामियाजा बेरोजगारों को भुगतना पड़ रहा है।

हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की जिला न्यायपालिका में क्लर्क पदों के लिए स्क्रीनिंग परीक्षा 29 नवंबर को सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक आयोजित होगी। वहीं, राज्य चयन आयोग हमीरपुर की ओर से पटवारी भर्ती परीक्षा 23 से 30 नवंबर तक टैबलेट आधारित परीक्षा करवाई जा रही है। इसके साथ ही पुलिस भर्ती का ग्राउंड टेस्ट और एचपी टेट भी इसी दिन होने से परीक्षा टकराव की समस्या और गंभीर हो गई है। अभ्यर्थियों ने कहा कि उन्होंने अलग-अलग भर्तियों के लिए आवेदन शुल्क जमा करवाने के साथ महीनों तक तैयारी की है। अब तारीखें एक होने से उनकी मेहनत और आर्थिक खर्च पर पानी फिरने की स्थिति बन गई है।

राज्य चयन आयोग का तिथि बदलने से इनकार

राज्य चयन आयोग के सचिव विक्रम महाजन ने कहा कि पटवारी एग्जाम में कुल 187257 उम्मीदवार बैठ रहे हैं। हमने चार नवंबर से 12 नवंबर तक सबको विंडो दी थी कि एग्जाम कब होना चाहिए। हमें 327 आवेदन मिले। इनमें से 301 एडमिट किए गए और डेट फाइनल हुई। 26 आवेदनों में कोई रीजन नहीं था। हम सीबीटी या टीबीटी से एग्जाम करवाते हैं। इसमें केंद्रों पर गिने हुए कम्प्यूटर होते हैं। इसकी लागत भी होती है। सारी तैयारियां हो चुकी हैं, इसलिए अब डेट नहीं बदली जा सकती।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App