हर पांच में से चार MBBS डाक्टर फेल, एफएमजीई अक्तूबर, 2026 का रिजल्ट जारी, ऐसे करें चैक

By: Nov 12th, 2026 12:08 am

एफएमजीई अक्तूबर रिजल्ट जारी, 42,113 में से 31,539 उम्मीदवार रहे असफल

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली

नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (एनबीईएसएम) ने फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन (एफएमजीई) अक्तूबर, 2026 सेशन का रिजल्ट जारी कर दिया है। परीक्षार्थी अपना परिणाम एनबीईएसएम की वेबसाइट natboard.edu.in  पर जाकर चैक कर सकते हैं। बता दें कि विदेश से मेडिकल की पढ़ाई करके अगर भारत में डॉक्टरी करनी है, तो इसके लिए एफएमजीई परीक्षा पास करनी होती है। एनबीई के आंकड़ों के अनुसार, एफएमजीई अक्तूबर परीक्षा में शामिल हुए 42113 उम्मीदवारों में से केवल 2843 पास हुए, जबकि 31539 उम्मीदवार फेल हो गए। इस तरह परीक्षा का पास प्रतिशत 22.86 फीसदी रही रहा। यानी हर पांच में से करीब चार डाक्टर इस पात्रता परीक्षा में असफल हो गए।

एफएमजीई अक्तूबर, 2026 परीक्षा में कुल 42113 उम्मीदवार शामिल हुए। 1190 उम्मीदवार परीक्षा में अनुपस्थित रहे और 30 उम्मीदवारों का रिजल्ट रोक दिया गया। परीक्षा का पास प्रतिशत 22.86 फीसदी रहा। करीब 77 फीसदी उम्मीदवार परीक्षा पास नहीं कर पाए। नेशनल मेडिकल कमिशन के नियम के मुताबिक फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट्स के लिए एफएमजीई/नेक्स्ट परीक्षा उनके कोर्स होने के 10 साल के भीतर देना अनिवार्य है। विदेश से अगर किसी ने एमबीबीएस किया है और वह भारत में डॉक्टरी का लाइसेंस चाहता है तो उसे अपनी एमबीबीएस डिग्री पूरे होने के बाद 10 सालों के भीतर एफएमजीई/नेक्स्ट परीक्षा में बैठना ही होगा।

ऐसे चैक करें रिजल्ट

सबसे पहले एनबीईएसएम की वेबसाइट natboard.edu.in पर जाएं। होमपेज पर एग्जामिनेशन टैब के तहत एफएमजीई लिंक पर क्लिक करें। अब एफएमजीई अक्तूबर रिजल्ट वाले नोटिफिकेशन लिंक को चुनें। एक नई पीडीएफ फाइल खुलेगी, जिसमें सफल उम्मीदवारों के रोल नंबर और उनके अंक दिए होंगे। भविष्य के लिए अपने स्कोरकार्ड को डाउनलोड करेेंं। एफएमजीई परीक्षा पास करने के लिए, उम्मीदवारों को 300 में से कम से कम 150 अंक लाने होते हैं।

20 के बाद आएगा स्कोरकार्ड

एफएमजीई अक्तूबर, 2026 में शामिल होने वाले उम्मीदवार व्यक्तिगत स्कोरकार्ड एनबीईएमएस की वेबसाइट https://natboard.edu.in से 20 नवंबर, 2026 को या उसके बाद डाउनलोड कर सकते हैं। स्कोरकार्ड जारी होने की तारीख से सिर्फ छह महीने की अवधि के लिए ही डाउनलोड के लिए उपलब्ध रहेगा। इस अवधि के बाद स्कोर कार्ड देने के अनुरोध तुरंत खारिज कर दिए जाएंगे, क्योंकि स्कोर कार्ड जारी होने की तारीख से छह महीने की अवधि के बाद स्कोर कार्ड एनबीईएमएस वेबसाइट पर उपलब्ध नहीं रहेंगे। इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे भविष्य में संदर्भ के लिए स्कोर कार्ड को सुरक्षित रखें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App