हिमाचल की ऊंची चोटियों पर फिर हुई बर्फ़बारी, शुरू हुआ कड़ाके की ठंड का दौर, आगे कैसा रहेगा मौसम, जानिए
कुकुमसेरी में माइनस 2.9 डिग्री दर्ज हुआ न्यूनत्तम तामपान
राज्य में 16 से 20 नवम्बर तक मौसम साफ रहने के आसार
कार्यालय संवाददाता-शिमला
हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी के बाद ठंड का असर बढ़ गया है। शनिवार को भी राज्य की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान गिरकर माइनस 2.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों यानी 15 नवंबर को प्रदेश के मैदानी और मध्य पर्वतीय इलाकों में बारिश, जबकि उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। हालांकि इस दौरान मौसम विभाग ने किसी तरह का अलर्ट या चेतावनी जारी नहीं की है। इसके बाद 16 से 20 नवंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं। शनिवार को शिमला में सुबह धूप खिली रही, लेकिन दिन चढऩे के साथ आसमान में बादल छा गए।
प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिला। बीते 24 घंटों के दौरान लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में करीब 7 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। कुल्लू के कोठी और चंबा के जोत में 3-3 सेंटीमीटर, किन्नौर के सांगला में 2 सेंटीमीटर तथा लाहौल-स्पीति के केलांग और किन्नौर के कल्पा में 1-1 सेंटीमीटर बारिश हुई। इस दौरान लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा की ऊंची चोटियों पर भी बर्फबारी हुई। राज्य का औसत न्यूनतम तापमान पिछले 24 घंटों के मुकाबले 2.1 डिग्री सेल्सियस गिरा है। हालांकि यह सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है।
कुकुमसेरी सबसे ठंडा, पांवटा साहिब में 17 डिग्री तापमान
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक दर्ज आंकड़ों में कुकुमसेरी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां न्यूनतम तापमान माइनस 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद ताबो में 0.1, कल्पा में 1.8, मनाली में 4.5, बजौरा में 6.4, भुंतर में 6.9, कुफरी में 7.6, सुंदरनगर में 8.5, बरठीं में 9.0, मंडी में 9.2 और सोलन में 9.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। धर्मशाला, पालमपुर, भरमौर और सेओबाग में न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कांगड़ा में 10.8, शिमला, ऊना और बिलासपुर में 11.0, नाहन में 11.5, देहरा गोपीपुर में 13.0, जुब्बड़हट्टी में 13.1, नेरी में 14.0, सराहन में 15.6 और पांवटा साहिब में 17.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।
बर्फबारी के बाद तीन दर्रों के रास्ते बंद
लाहौल-स्पीति में बर्फबारी के बाद शिंकुला पास, बारालाचा पास और कुंजुम टॉप की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। जिला पुलिस ने दारचा, लोसर और ग्राम्फू चेक पोस्ट से आगे वाहनों को जाने की अनुमति नहीं दी है। आपातकालीन परिस्थितियों में सडक़ और मौसम की स्थिति का आकलन करने के बाद ही स्नो चेन लगे फोर-बाय-फोर वाहनों को आगे जाने की अनुमति दी जा सकती है। पुलिस ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को मौसम साफ होने तक इन ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा से बचने की सलाह दी है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
