58 साल का सूखा खत्म करने उतरेंगे गिल, पहला मुकाबला आज, जानिए कब होगा शुरू

By: Nov 19th, 2026 12:08 am

आज वेलिंगटन में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला, तडक़े तीन बजे टॉस

एजेंसियां— वेलिंगटन

भारतीय क्रिकेट टीम का न्यूजीलैंड दौरा अब अपने सबसे अहम और आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है। दोनों देशों के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला गुरुवार तडक़े 3.30 बजे से वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर खेला जाएगा। मुकाबले का टॉस तडक़े तीन बजे होगा। युवा कप्तान शुभमन गिल के सामने इस मैदान पर 58 साल से चले आ रहे जीत के सूखे को खत्म करने की बड़ी चुनौती होगी। भारत ने वेलिंगटन में अपना आखिरी टेस्ट मैच साल 1968 में मंसूर अली खान पटौदी की कप्तानी में आठ विकेट से जीता था।

इसके बाद से टीम इंडिया यहां एक भी मैच नहीं जीत पाई है। आंकड़ों के लिहाज से ओवरऑल दोनों टीमों के बीच अब तक 65 टेस्ट खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 22 और न्यूजीलैंड ने 16 मैच जीते हैं, जबकि 27 ड्रॉ रहे, लेकिन न्यूजीलैंड की धरती पर खेले गए 25 मैचों में भारत सिर्फ 5 ही जीत सका है।

पहली पारी में बड़ा स्कोर मुश्किल

वेलिंगटन की बेसिन रिजर्व पिच शुरुआती दो दिन में तेज गेंदबाजों के लिए काफी मददगार साबित होती है, जिससे पहली पारी में बड़ा स्कोर बनाना आसान नहीं होगा। हालांकि, मैच आगे बढऩे पर पिच सपाट हो सकती है और बल्लेबाजों को रन बनाने का मौका मिलेगा। वेलिंगटन दुनिया के सबसे तेज हवाओं वाले शहरों में गिना जाता है। यहां हवा उत्तर से दक्षिण की ओर तेज गति से चलती है, जिससे गेंदबाजों को एक छोर से हवा के विपरीत दौडऩा पड़ता है। मैच से पहले दो दिन हल्की बूंदाबांदी हुई है, लेकिन मुकाबले के दौरान मौसम साफ रहने और तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।

भारत-न्यूजीलैंड की टेस्ट टीम

भारत: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, अंशुल कंबोज, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, साई सुदर्शन, नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज और गुरनूर बराड़।

न्यूजीलैंड: टॉम लैथम (कप्तान), टॉम ब्लंडेल, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, मिचेल सैंटनर, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर और विल यंग।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App