मेडिकल स्टूडेंट्स का स्टाइपेंड बढ़ाएगी सरकार, CM सुक्खू ने दिया आश्वासन, कब होगी घोषणा, जानिए
पीजी डॉक्टरों का स्टाइपेंड 65 हजार से 1.30 लाख किया, ड्यूटी टाइम घटाया
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-शिमला
हिमाचल प्रदेश में मेडिकल शिक्षा हासिल कर रहे विद्यार्थियों और पीजी डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढऩे वाला है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि प्रदेश में पीजी डॉक्टरों की ड्यूटी का समय 24 घंटे से घटाकर 12 घंटे किया गया है। इसके साथ ही उनका मासिक स्टाइपेंड 65 हजार रुपये से बढ़ाकर 1.30 लाख रुपये कर दिया गया है। मुख्यमंत्री के अनुसार यह स्टाइपेंड एम्स दिल्ली के बराबर है। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की है कि विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए आगामी बजट में उनके स्टाइपेंड में बढ़ोतरी की जाएगी। हालांकि, विद्यार्थियों के लिए कितनी वृद्धि होगी और किन-किन श्रेणियों को इसका लाभ मिलेगा, इसका खुलासा बजट भाषण से ही होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए काम कर रही है। मेडिकल शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के साथ डॉक्टरों को बेहतर कार्य परिस्थितियां और विद्यार्थियों को आर्थिक राहत देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 में सरकारी मेडिकल कॉलेजों में विभिन्न श्रेणियों के विद्यार्थियों और डॉक्टरों को दिए जा रहे मासिक स्टाइपेंड में एमबीबीएस इंटर्न को 20 हजार रुपये, बीडीएस इंटर्न को 17 हजार रुपये और जूनियर रेजिडेंट/ट्यूटर जनरल को 41 हजार रुपये प्रतिमाह मिल रहे हैं। पीजी एमडी/एमएस और डीएनबी विद्यार्थियों के लिए पहले वर्ष में 40 हजार, दूसरे वर्ष में 45 हजार और तीसरे वर्ष में 50 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड निर्धारित था। वहीं डीएम/एमएस (सुपर स्पेशियलिटी) श्रेणी में पहले वर्ष 60 हजार, दूसरे वर्ष 62,500 और तीसरे वर्ष 65 हजार रुपये प्रतिमाह का प्रावधान दर्ज है। सीनियर रेजिडेंट/ट्यूटर स्पेशलिस्ट के लिए तीनों वर्षों में एक लाख रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड निर्धारित किया गया था।
स्टाइपेंड के मामले में 65 हजार रुपये की राशि तीसरे वर्ष के सुपर स्पेशियलिटी डॉक्टरों के पुराने स्टाइपेंड से मेल खाती है। अप्रैल 2025 में जारी सरकारी अधिसूचना के अनुसार सीनियर रेजिडेंट/ट्यूटर स्पेशलिस्ट का स्टाइपेंड बढ़ाकर एक लाख रुपये और डीएम/एमसीएच सुपर स्पेशियलिटी डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ाकर 1.30 लाख रुपये प्रतिमाह किया गया था। पीजी डॉक्टरों के काम के घंटों में कटौती भी इस घोषणा का अहम हिस्सा है। अस्पतालों में पीजी डॉक्टरों को लंबे समय तक लगातार ड्यूटी करनी पड़ती है। इससे उनकी पढ़ाई, शोध और व्यक्तिगत जीवन प्रभावित होता है। ड्यूटी का समय 12 घंटे निर्धारित करने से उन्हें प्रशिक्षण और मरीजों की देखभाल के बीच बेहतर संतुलन बनाने में मदद मिल सकती है।
डाक्टरों के स्टाइपेंड पर कब क्या हुआ?
-10 अप्रैल 2025 की अधिसूचना में सुपर स्पेशियलिटी डॉक्टरों का स्टाइपेंड 1.30 लाख रुपये किया गया।
-29 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री ने एमबीबीएस इंटर्न का स्टाइपेंड बढ़ाने के लिए आगामी बजट में प्रावधान करने की बात कही थी। नई राशि घोषित नहीं हुई थी।
-अब पीजी डॉक्टरों के लिए 12 घंटे की ड्यूटी और 1.30 लाख रुपये स्टाइपेंड की बात कही गई है।
—राजेश
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
