चौगान में चंबा उत्सव का भव्य आगाज
सोनाली डोगरा की आवाज ने मोहा चंबा, स्थानीय कलाकारों ने भी बटोरी तालियां
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
ऐतिहासिक चौगान मैदान में शुक्रवार शाम वंदना कला मंच के तत्वावधान में तीन दिवसीय ‘चंबा उत्सव’ का भव्य आगाज हुआ। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी गोपाल शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि एसडीएम सदर चिराग शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। वंदना कला मंच के संयोजक सुरजीत ठाकुर ने मुख्य अतिथि, एसडीएम और अन्य गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया। चंबा उत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या में वॉयस ऑफ पंजाब फेम सोनाली डोगरा ने प्राइम टाइम में अपनी शानदार प्रस्तुतियों से खूब समां बांधा। उन्होंने पंजाबी और पहाड़ी गीतों के माध्यम से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इसके अलावा मोहित गर्ग सहित कई स्थानीय गायकों ने भी अपनी गायकी से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। वंदना कला मंच के मुख्य संरक्षक सुरजीत ठाकुर ने बताया कि मंच पिछले दो दशकों से हिमाचल प्रदेश और विशेष रूप से चंबा की समृद्ध लोक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस बार भी उत्सव को पहले से अधिक भव्य स्वरूप में आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि बड़े आयोजनों में अक्सर समय की कमी के कारण स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाता। इसी बात को ध्यान में रखते हुए वंदना कला मंच प्रदेश की उभरती प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने के लिए भरपूर समय और मंच उपलब्ध करवाएगा। उन्होंने बताया कि चंबा उत्सव में हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और बॉलीवुड के ख्यातिप्राप्त गायक अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा युवाओं के लिए इस बार ‘मिस्टर चंबा’ और ‘मिस चंबा’ प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

