क्या कम हो गए भारत के चार राफेल? लड़ाकू विमान की नई रिपोर्ट पर बवाल, क्या है सच?

By: Nov 20th, 2026 10:09 pm

ब्रिटिश एविएशन मैगजीन के दावे पर पूर्व वाइस एयर चीफ तिवारी ने उठाए सवाल

सोर्स की जानकारी न देने पर रिपोर्ट की विश्वसनीयता पर सवालिया निशान
दावा, पाकिस्तान ने पैसे देकर प्रभावित की फ्लाइट ग्लोबल की रिपोर्ट

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

भारत के राफेल विमानों को लेकर सामने आई एक रिपोर्ट पर फिर से विवाद खड़ा हो गया है। ब्रिटिश एविएशन मैगजीन फ्लाइटग्लोबल ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत ने 36 राफेल विमान खरीदे थे। इनमें से अब केवल 32 ही सक्रिय अवस्था में हैं। भारतीय वायु सेना के पास मौजूद राफेल विमानों की संख्या चार कम हो गई है। इस रिपोर्ट पर बवाल हो गया है और भारत ने इसे सिरे से खारिज किया है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सेवा देने वाले रिटायर वाइस एयर चीफ नर्मदेश्वर तिवारी ने कहा कि मैगजीन को अपने सोर्स फिर से जांच करने की जरूरत है। इस रिपोर्ट ने बिना किसी सबूत के आधार पर पाकिस्तान के दावों पर मुहर लगाने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि यह वही मैगजीन है, जिसने ऑपरेशन सिंदूर के बाद अपनी रिपोर्ट में 35 सक्रिय राफेल विमानों का जिक्र किया था। इतना ही नहीं मैगजीन ने जिस कथित तौर पर गिराए गए विमान का टेल नंबर बताया था, वह भी कई युद्धाभ्यासों में हिस्सा ले चुका है।

दरअसल ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान लगातार भारत के विमानों को गिराने का दावा कर रहा है। अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी लगातार इस बात का दावा कर रहे हैं। अब इस रिपोर्ट के बाद सबसे बड़ा सवाल यह ही है कि आखिर इस बात का स्त्रोत क्या है। मैगजीन ने तो इस जानकारी के लिए अपने स्त्रोत की कोई जानकारी नहीं दी है। हालांकि एक सोशल मीडिया अकाउंट ने इस स्त्रोत को लेकर दावा किया है कि मैगजीन ने इस रिपोर्ट के लिए पाकिस्तान समर्थक पत्रकार एलन वान्र्स की रिपोर्टिंग का सहारा लिया है। वान्र्स को लेकर दावा किया जाता है कि पाकिस्तानी वायुसेना ने इन्हें अपना प्रोपेगेंडा फैलाने के लिए 34,000 पाउंड का भुगतान किया था। ऑपरेशन सिंदूर को लेकर की गई अपनी रिपोर्ट में वान्र्स ने दावा किया था कि इस संघर्ष के दौरान भारत के चार राफेल विमान गिरे थे। इसकी जानकारी देते हुए वान्र्स ने टेल नंबर भी दिए थे। इसमें बीएस-001, बीएस-021, बीएस-022, बीएस-027 शामिल थे। हालांकि, जब गणतंत्र दिवस के मौके पर हुए फ्लाईपास्ट में बीएस-022 ने उड़ान भरी, तो वान्र्स के ये दावे झूठे साबित हो गए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App