पांच गुटों में बंटी है भाजपा, इसलिए असम के मुख्यमंत्री हिमाचल लाए गए: सुक्खू

By: Nov 2nd, 2026 4:49 pm

वरिष्ठ संवाददाता-शिमला

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा को असम से मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को लाने की जरूरत इसलिए पड़ी, क्योंकि भाजपा पांच गुटों में बंटी है। उन्होंने दावा किया कि असम के सीएम ने भी देख लिया है कि भाजपा पांच गुटों में बंटी है और पिछलीी बार से भी कम सीटें भाजपा की आ रही है। उनके 16 विधायक अभी भी उस स्थिति में में नहीं पहुंच पाए कि दोबारा जीत पाए। इंडिया गठबंधन के वोट बचाओ-देश बचाओ जन मार्च व रैली से लौटे मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सोमवार को शिमला में पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने असम के सीएम की तरफ से उन पर लगाए आरोपों का भी करारा जवाब दिया। सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि वर्ष 2024 के बाद ईवीएम पर सवाल उठे है और हमारा चुनाव 2022 में हुआ है। उन्होंने कहा कि यह बात देखने और समझने की है कि एसआईआर का विरोध कब से हो रहा है। अगले वर्ष प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने और शपथ समारोह में आने के हिमंत बिस्वा सरमा के बयान पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि बिलकुल असम के सीएम बिलकुल जाएंगे, जब शपथ समारोह कांग्रेस सका होगा। बकौल मुख्यमंत्री जब भी किसी राज्य में शपथ समारोह होता है, तो सभी प्रदेशों के सीएम को एक अनुरोध पत्र जाता है। हम असम के मुख्यमंत्री को भी बुलाएंगे, जब कांग्रेस की सरकार दोबारा हिमाचल प्रदेश में बनेगी। वोट बचाओ-देश बचाओ रैली को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की आवाज को उठाना विपक्ष का काम है और रैली-आंदोलनों के माध्यम से यह उठाई जाती है तथा यहीं लोकतंत्र की विशेषता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बहुत बड़ी रैली हुई और लाखों की संख्या में लोग आए। एसआईआर के द्वारा जो धांधली की जा रही है जनता ने इस बात को भी स्वीकारा है। इस धांधली को रोकने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी कोशिश कर रहे है। इसी संदर्भ में हिमाचल से भी काफी संख्या में लोग इसमें शमिल हुए थे।

सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन के द्वारा प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की कोशिश की है। यहीं कारण है कि आठ से दस हजार करोड़ की आरडीजी कटने के बाद भी हम सस्टेन कर गए है और प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे है। सीएम ने उदाहरण देते हुए कहा कि परिवार के मुखिया की सैलरी से कुछ पैसे काट दिए जाए, तो फिर भी बजट को संतुलित कर परिवार चलता है। सरकार भी एक परिवार की तरह होती है और हम परिवार को चला रहे है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने जिस चुनौती का सामना किया है, उसका पूर्व सरकार केंद्र से मदद मिलने के बावजूद भी नहीं कर पाती। उन्होंने कहा कि जब 75 वर्षो से प्रदेश को मिल रही आरडीजी को बंद किया गया, तब यह चुनौती पैदा हुई। बावजूद इसके सरकार पांच फीसदी डीए भी दे रही है। सीएम सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सरकार प्रदेश की संपदा को न लूटने दे रही है और ना ही लूट रही है तथा ना लुटाएंगे, यहीं प्रमुख कारण है कि प्रदेश को हम आत्मनिर्भर बनाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App