Himachal News: बिना प्रिंसीपल चल रहे स्कूलों में अब इन्हें DDO पावर

By: Nov 20th, 2026 5:59 pm

जय ठाकुर—शिमला

हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में प्रिंसिपलों की कमी के चलते शिक्षा विभाग को वित्तीय और प्रशासनिक व्यवस्था चलाने के लिए दूसरे स्कूलों के प्रिंसिपलों और प्रवक्ताओं को जिम्मेदारी सौंपनी पड़ रही है। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के 12 सरकारी स्कूलों में डीडीओ की शक्तियां अस्थायी तौर पर अन्य अधिकारियों और शिक्षकों को सौंपी हैं। इनमें कुछ स्कूलों में प्रवक्ताओं को डीडीओ बनाया गया है, जबकि कुछ संस्थानों का वित्तीय जिम्मा दूसरे स्कूलों के प्रधानाचार्यों को दिया गया है।

यह व्यवस्था संबंधित स्कूलों में नियमित प्रधानाचार्य की तैनाती होने तक लागू रहेगी। इसके तहत संबंधित अधिकारी अपने मौजूदा कार्यभार के साथ अतिरिक्त रूप से डीडीओ का काम भी संभालेंगे। डीडीओ की जिम्मेदारी मिलने के बाद वे संबंधित स्कूलों के कर्मचारियों के वेतन और अन्य वित्तीय मामलों से जुड़े कार्यों का संचालन करेंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अतिरिक्त जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारियों को इसके एवज में कोई वित्तीय लाभ नहीं मिलेगा। आदेशों की प्रतियां संबंधित उपनिदेशकों, कोषागार अधिकारियों और स्कूल प्रमुखों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App