दिवाली पर हिमाचल पुलिस के पास आईं 586 इमरजेंसी कॉल, महज 3 मिनट 37 सेकंड में पहुंची मदद

By: Nov 9th, 2026 5:07 pm

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला

दीपावली के दौरान हिमाचल प्रदेश पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था ने रिकॉर्ड कायम किया है। प्रदेश में इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम-112 ने दीपावली के एक ही दिन में अब तक की सर्वाधिक 586 आपातकालीन घटनाओं पर कार्रवाई की। इनमें 187 मामले आग से संबंधित थे। इतनी बड़ी संख्या में आपातकालीन घटनाओं के बावजूद पुलिस ने महज 3 मिनट 37 सेकंड के औसत इवेंट रिस्पांस टाइम के साथ लोगों तक मदद पहुंचाई।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार, दीपावली के दिन प्रदेशभर में आपातकालीन सेवाओं पर सामान्य दिनों की तुलना में काफी दबाव रहा। पटाखों और अन्य कारणों से आग से जुड़ी 187 घटनाओं के अलावा अलग-अलग प्रकार की आपात स्थितियों से संबंधित कॉल भी ईआरएसएस-112 को प्राप्त हुईं। इन सभी मामलों की रियल टाइम मॉनिटरिंग करते हुए संबंधित इमरजेंसी रिस्पांस यूनिट को मौके के लिए रवाना किया गया।

इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम-112 के लिए 586 आपातकालीन घटनाओं को संभालना अब तक का सबसे बड़ा एकदिवसीय आंकड़ा है। इसके बावजूद औसत रिस्पांस टाइम 3 मिनट 37 सेकंड रहना पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली की कार्यक्षमता को दर्शाता है। कॉल प्राप्त होने से लेकर संबंधित टीम को मौके पर भेजने और प्रतिक्रिया देने तक पूरी प्रक्रिया की निगरानी की गई।

डीजीपी हिमाचल प्रदेश अशोक तिवारी ने इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम-112 से जुड़े कॉल टेकर, डिस्पैचर, सुपरवाइजर और फील्ड स्तर पर तैनात इमरजेंसी रिस्पांस यूनिट के कर्मचारियों को इस प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि जब प्रदेशभर में परिवार दीपावली का त्योहार मना रहे थे, उस समय पुलिस और आपातकालीन सेवा से जुड़े कर्मचारी लोगों की सुरक्षा के लिए ड्यूटी पर तैनात थे।

डीजीपी ने कहा कि एक दिन में रिकॉर्ड 586 आपात स्थितियों को संभालते हुए इतने कम समय में लोगों तक मदद पहुंचाना टीम की प्रतिबद्धता, पेशेवर क्षमता और बेहतर समन्वय का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम-112 को मजबूत करने के लिए लगातार निगरानी, जवाबदेही, तकनीकी एकीकरण और प्रदर्शन की समीक्षा पर जोर दिया जा रहा है।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार, किसी आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली की सफलता केवल इस बात से तय नहीं होती कि उसने कितनी कॉल संभालीं, बल्कि इस बात से होती है कि जरूरत के समय नागरिकों तक कितनी तेजी और प्रभावी तरीके से सहायता पहुंचाई गई। हिमाचल पुलिस इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम-112 को और अधिक भरोसेमंद, तेज और नागरिक केंद्रित बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। पुलिस की अपील है कि किसी भी आपात स्थिति में नागरिक तत्काल 112 डायल करें। यह सेवा 24 घंटे, सातों दिन उपलब्ध है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App