PTA-SMC शिक्षकों की नियुक्तियों की खुलेगी फाइल, ज्वाइनिंग के वक्त तैनात प्रिंसीपल का भी मांगा रिकॉर्ड

By: Nov 26th, 2026 5:16 pm

जय ठाकुर—शिमला

हिमाचल प्रदेश में पीटीए और एसएमसी के माध्यम से नियुक्त शिक्षकों की भर्ती का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। शिक्षा विभाग ने निर्धारित सरकारी प्रक्रिया और विभागीय नीतियों का पालन किए बिना की गई नियुक्तियों का पूरा रिकॉर्ड मंगवाया है। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में सभी उपनिदेशकों को निर्देश जारी कर निर्धारित प्रारूप में नवंबर अंत तक जानकारी उपलब्ध करवाने को कहा है। विभाग के इस कदम से वर्षों पुरानी नियुक्तियों का रिकॉर्ड खंगालने और चयन प्रक्रिया की पड़ताल किए जाने की संभावना बढ़ गई है।

निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि पीटीए और एसएमसी के माध्यम से नियुक्त उन शिक्षकों का पूरा विवरण जुटाया जाए, जिनकी नियुक्तियां संबंधित नीतियों में निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना की गई थीं। इसके लिए विभाग ने बाकायदा प्रारूप जारी किया है, ताकि सभी जिलों से एक समान जानकारी जुटाई जा सके और नियुक्तियों से जुड़े मामलों का व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार हो। शिक्षा विभाग ने केवल शिक्षकों का नाम और नियुक्ति की तारीख ही नहीं मांगी है, बल्कि नियुक्ति के समय संबंधित स्कूल में तैनात प्रधानाचार्य या मुख्याध्यापक का पूरा विवरण भी मंगवाया गया है। इसमें शिक्षक का नाम, पदनाम, स्कूल का नाम, नियुक्ति की तारीख और उस समय तैनात प्रधानाचार्य या मुख्याध्यापक का नाम शामिल है। इसके अलावा संबंधित अधिकारी का स्थायी और पत्राचार का पता भी मांगा गया है। यदि नियुक्ति के समय तैनात प्रधानाचार्य या मुख्याध्यापक सेवानिवृत्त हो चुके हैं, तो उनका वर्तमान पता भी उपलब्ध करवाना होगा। इससे विभाग नियुक्ति के समय प्रशासनिक जिम्मेदारी संभाल रहे अधिकारियों तक पहुंच सकेगा और जरूरत पडऩे पर संबंधित मामलों में उनका पक्ष भी लिया जा सकेगा।

चयन प्रक्रिया और पात्रता की हो सकती है पड़ताल

पीटीए और एसएमसी के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न स्कूलों में लंबे समय से शिक्षकों की नियुक्तियां होती रही हैं। ऐसे में कई पुराने मामलों में चयन प्रक्रिया, पात्रता संबंधी दस्तावेजों और नियुक्ति रिकॉर्ड में कमियां होने की आशंका जताई जा रही है। विभाग की ओर से जुटाई जाने वाली जानकारी से यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि किन स्कूलों में नियुक्तियां निर्धारित नियमों के तहत हुईं और किन मामलों में विभागीय दिशा-निर्देशों की अनदेखी की गई। रिकॉर्ड के आधार पर जरूरत पडऩे पर नियुक्ति से संबंधित प्रस्ताव, चयन समिति की कार्यवाही, पात्रता प्रमाणपत्र और अन्य दस्तावेज भी जांचे जा सकते हैं। इससे नियुक्तियों के दौरान संबंधित अधिकारियों की भूमिका और चयन प्रक्रिया में अपनाई गई औपचारिकताओं की पड़ताल का रास्ता खुल सकता है।

फिलहाल रिकॉर्ड जुटाने के निर्देश

हालांकि शिक्षा निदेशालय के आदेश में फिलहाल किसी शिक्षक की नियुक्ति रद्द करने, वेतन रोकने या किसी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने का स्पष्ट निर्देश नहीं दिया गया है। विभाग ने अभी केवल निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना हुई नियुक्तियों का रिकॉर्ड मांगा है। विभागीय स्तर पर जुटाए जाने वाले रिकॉर्ड से पुराने नियुक्ति मामलों की समीक्षा करने और भविष्य में भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने में मदद मिल सकती है। यदि किसी मामले में नियमों की जानबूझकर अनदेखी या अनियमितता प्रमाणित होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की संभावना भी बन सकती है।

नियुक्तियों में पारदर्शिता बढ़ाने की कवायद

पीटीए और एसएमसी शिक्षकों की नियुक्तियों का जिला और स्कूल स्तर पर पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध होने से विभाग को पुराने मामलों की समीक्षा करने में आसानी होगी। साथ ही चयन प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी वाले मामलों की पहचान हो सकेगी। नियुक्ति के समय तैनात प्रधानाचार्यों और मुख्याध्यापकों का विवरण जुटाने से प्रशासनिक जिम्मेदारी तय करने में भी मदद मिल सकती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App