राजस्थान को 1300 मेगावाट बिजली देगा हिमाचल, बढ़ेगी प्रदेश की कमाई, इस राज्य के लिए बिजली सप्लाई बंद

By: Nov 3rd, 2026 12:01 am

पहली से बिजली आपूर्ति शुरू, फरवरी तक 15.50 रुपए प्रति यूनिट की दर तय

केरल के लिए बिजली सप्लाई बंद, अब एक रुपए प्रति यूनिट ज्यादा मिल रहे दाम

वरिष्ठ संवाददाता — शिमला

हिमाचल प्रदेश राजस्थान को 1300 मेगावाट तक बिजली की आपूर्ति करेगा। पहली नवंबर से बिजली की आपूर्ति शुरू हो गई है और फरवरी माह तक के लिए 15.50 रुपए प्रति यूनिट की दर तय की गई है। पीक आवर्स में हिमाचल की बिजली की बढ़ती मांग के बीच राजस्थान ने अधिक दर पर बिजली खरीद का यह सौदा किया है। इसी के साथ प्रदेश ने केरल को की जाने वाली बिजली की आपूर्ति बंद कर दी है। अहम है कि इससे पहले राज्य ने केरल को पीक आवर्स के दौरान 900 से 1200 मेगावाट तक बिजली देने की पेशकश की थी। केरल को 14.50 रुपए प्रति यूनिट की दर से बिजली उपलब्ध करवाने का प्रस्ताव था। केरल को हिमाचल से बिजली आपूर्ति भी शुरू हो चुकी थी, लेकिन आगे की अवधि के लिए समय पर मंजूरी नहीं मिलने के कारण यह मामला लंबित रहा।

इसी बीच राजस्थान ने हिमाचल की बिजली खरीदने के लिए 15.50 रुपए प्रति यूनिट की अधिक दर की पेशकश कर दी। जिस पर हिमाचल की बिजली राजस्थान को देने का फैसला हुआ और पहली नवंबर से बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई है और यह व्यवस्था फरवरी माह तक जारी रहने की बात कही गई है। बताया जा रहा है कि केरल में पीक आवर्स के दौरान बिजली की भारी जरूरत रहती है । ऐसे में अब हिमाचल से बिजली की आपूर्ति बंद होने से वहां पर इसकी कमी पैदा हो सकती है। हालांकि पहले प्रदेश से बिजली आपूर्ति होने से केरल को पीक समय में राहत मिल रही थी। बहरहाल प्रदेश की बिजली खासकर पीक आवर्स में दूसरे राज्यों के लिए महत्त्वपूर्ण साबित हो रही है। वहीं राजस्थान के साथ 15.50 रुपए प्रति यूनिट की दर पर हुआ यह सौदा हिमाचल के लिए बिजली बिक्री के लिहाज से महत्त्वपूर्ण माना जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App