नई स्कीम आने से बंद हो जाएंगे वैध हिमकेयर कार्ड या मिलता रहेगा लाभ? विस्तार से जानिए
जय ठाकुर—शिमला
हिमाचल में हिमकेयर स्कीम बंद होने जा रही है। सरकार इसकी जगह नई स्वास्थ्य योजना ला रही है। ऐसे में अब सवाल यह उठता है कि नई हैल्थ स्कीम तो हिमाचल में आ रही है, लेकिन जिनके पास हिमकेयर कार्ड हैं और अभी तक वैध हैं, क्या वे बंद हो जाएंगे। इस वक्त हिमाचल की जनता में यही संशय है कि क्या वे कार्ड बंद हो जाएंगे? तो ऐसा कुछ नहीं है पुराने हिमकेयर कार्ड निर्धारित अवधि पूरा होने तक वैद्य रहेंगे और जनता उसके जरिए नि:शुल्क ईलाज करवा सकेगी। हिमकेयर कार्ड की अवधि पूरा होने के बाद लाभार्थियों को नई स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत कार्ड बनवाने होंगे। यानी कि जिन लाभार्थियों के हिमकेयर कार्ड अभी वैध हैं, उन्हें कार्ड की निर्धारित अवधि पूरी होने तक पुरानी योजना का लाभ मिलता रहेगा। इसके बाद उन्हें नई बीमा योजना के तहत दोबारा कार्ड बनवाना होगा।
10 लाख लोगों के लिए स्कीम
हिमाचल सरकार 10 लाख लोगों के लिए नई स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू करने जा रही है। इसके लिए आदित्य बिरला इंश्योरेंस कंपनी को योजना का टेंडर दिया गया है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद हिमकेयर योजना के तहत मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं को नई बीमा योजना में शामिल किया जाएगा। नई स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत कार्ड बनवाने के लिए लाभार्थियों को सालाना कितना शुल्क लिया जाएगा यह अभी पूरी तरह से निर्धारित नहीं किया गया है। इंश्योरेंस कंपनी को सरकार प्रति परिवार 4200 रुपए में हैल्थ कवरेज देगी। सरकार की ओर से सालाना 420 करोड़ रुपए कंपनी को हैल्थ इंश्योरेंस के लिए प्रदान किया जाएगा, जिसके लिए लोगों से कितना प्रीमियम लिया जाएगा यह तय किया जाना बाकि है। नई व्यवस्था में फिलहाल उन्हीं सरकारी अस्पतालों में बीमा योजना के कार्ड मान्य होंगे, जहां पहले से हिमकेयर के तहत निशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध है।
बिरला इंश्योरेंस कंपनी का होगा सेटअप
अस्पतालों में हिम केयर के लिए जो सेटअप किया गया था वह सारा सैटअप आदित्य बिरला कंपनी द्वारा किया जाएगा। ऐसे में लोगों को नई हैल्थ इंश्योरेंस का कवर और उससे संबंधित सुविधाएं प्रदान करने के लिए नया स्टाफ भी रखा जाएगा। नई स्वास्थ्य बीमा योजना को लेकर लोगों को जानकारी देने और उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए सरकार शिकायत निवारण केंद्र स्थापित करेगी।
अस्पतालों में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ देने के उद्देश्य से नई स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू की जा रही है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। आठ कंपनियों ने टेंडर प्रक्रिया में भाग लिया था, जिसमें आदित्य बिरला को एल-वन कंपनी के रूप में टेंडर दिया गया है।
– आशीष सिंहमार, स्वास्थ्य सचिव, हिमाचल प्रदेश सरकार
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
