HP Weather: दिवाली पर कैसा रहेगा मौसम का मिजाज, बारिश को लेकर विभाग ने जारी किया पूर्वानुमान
सुबह शाम की ठंड के साथ तापमान में होगा बदलाव
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
इस बार दिवाली का त्योहार साफ मौसम के बीच मनाए जाने की संभावना है। 8 नवंबर को दिवाली के दिन प्रदेश में बारिश को लेकर मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है। मौसम विभाग शिमला के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में सोमवार को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना जताई थी। लेकिन इसके बाद पूरे सप्ताह मौसम साफ बना रहेगा। ऐसे में दिवाली पर लोगों को मौसम की ओर से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, रात के समय पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड का असर बढ़ सकता है। मौसम विभाग की ओर से 8 नवंबर तक जारी पूर्वानुमान के अनुसार 3 से 8 नवंबर तक प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान मैदानी, मध्यवर्ती और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी के आसार नहीं हैं। मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। इसके बाद 3, 4, 5 और 6 नवंबर को भी प्रदेश के सभी जिलों में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है। 7 और 8 नवंबर को भी मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।
तापमान की बात करें तो अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात का तापमान पहले से कम बना हुआ है। सोमवार को कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रविवार को ऊना में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान माइनस 1 से 8 डिग्री, मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में 7 से 16 डिग्री और मैदानी क्षेत्रों में 11 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई है। कल्पा में चार मिलीमीटर और सांगला में 0.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। हालांकि, प्रदेश में कहीं भी बर्फबारी नहीं हुई है। मौसम विभाग ने 2 से 8 नवंबर तक किसी भी जिले के लिए बारिश, बर्फबारी या अन्य मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की है। ऐसे में दिवाली तक प्रदेशवासियों को मौसम के साफ बने रहने की उम्मीद है।
—पंकज चौहान
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
