धनतेरस पर खरीददारी के लिए उमड़ा जनसैलाब

By: Nov 7th, 2026 12:54 am

गहनों और बरतनों की दुकानों पर दिनभर लगी रही ग्राहकों की कतारें, शहर में कई बार लगा जाम
स्टाफ रिपोर्टर – हमीरपुर
धनतेरस के पावन पर्व पर शुक्रवार को हमीरपुर शहर के बाजारों में खरीददारी के लिए लोगों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। सुबह से ही बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई थी, जो देर शाम तक लगातार जारी रही। त्योहारी उत्साह के बीच शहर के बाजारों में दिनभर रौनक बनी रही और दुकानदारों के चेहरे भी खिले नजर आए। धनतेरस के अवसर पर विशेष रूप से सोने-चांदी के आभूषणों, बर्तनों और अन्य घरेलू सामान की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ देखने को मिली। लोगों ने परंपरा के अनुसार सोने चांदी के आभूषणों के साथ-साथ नए बरतन खरीदने में भी खूब दिलचस्पी दिखाई। कई दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतारें लगी रहीं। मुख्य सडक़ पर कई बार जाम की स्थिति बनी रही। इस दौरान कई वाहन काफी देर तक जाम में फंसे रहे। शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए पुलिस जवानों ने मोर्चा संभाले रखा।

पुलिस कर्मचारी तैनात
प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस कर्मचारी तैनात रहे तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास करते नजर आए। गौरतलब है कि दीपावली पर्व को लेकर पिछले कई दिनों से हमीरपुर शहर में खरीददारी का दौर जारी है।

सुबह से ही लगी भीड़
शुक्रवार सुबह से ही लोगों का हमीरपुर शहर में पहुंचने का क्रम जारी हो गया था जोकि दोपहर तक भारी भीड़ में तबदील हो गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App