टैक्सी स्टैंड बना तो होगा उग्र आंदोलन
दरकोटी में टैक्सी स्टैंड पर गरमाया माहौल, सुरक्षा को लेकर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
कार्यालय संवाददाता – हमीरपुर
टौणीदेवी के साथ लगते दरकोटी गांव में प्रस्तावित टैक्सी स्टैंड को लेकर विवाद गहरा गया है। प्रशासन की इस योजना के खिलाफ शुक्रवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा बुलाई गई आपात बैठक में ग्रामीणों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि गांव में किसी भी सूरत में टैक्सी स्टैंड का निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि प्रशासन ने जबरन निर्माण शुरू किया, तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। बैठक के दौरान ग्रामीणों ने प्रस्तावित स्थल के चयन पर तीखे सवाल खड़े किए। ग्रामीणों का कहना है कि जिस जगह टैक्सी स्टैंड बनाने की तैयारी है, उसके ठीक बगल में महिला मंडल भवन और सामुदायिक भवन स्थित हैं। इन भवनों में आए दिन महिलाओं की बैठकें और गांव के सामाजिक धार्मिक कार्यक्रम होते हैं।
ग्रामीणों का आरोप
गांव की महिलाएं रोजाना इसी मुख्य रास्ते से होकर घास और लकड़ी के लिए जंगल की ओर जाती हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि टैक्सी स्टैंड बनने से यहां बाहरी लोगों और चालकों का अड्डा बन जाएगा।
मांग उठाई
बैठक में स्थानीय पंचायत के समस्त पदाधिकारियों सहित सैकड़ों की संख्या में महिला मंडल की सदस्य और ग्रामीण मौजूद रहे, जिन्होंने एक स्वर में प्रशासन से इस प्रस्ताव को तुरंत रद्द करने की मांग की है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
