प्रतिबंधित क्षेत्र में खेती नहीं रोकी तो कोर्ट जाएंगे

By: Nov 20th, 2026 12:55 am

पोंग झील किनारे गुलेर-नंदपुर, लुदरेट, हरसर और नगरोटा सूरियां क्षेत्रों में बिजाई रोकने का आग्रह, प्रवासी पक्षियों के अंडे हो रहे नष्ट

निजी संवाददाता- जवाली
पौंग झील किनारे वन्य प्राणी विभाग की जमीन पर प्रतिबंध के बावजूद धड़ल्ले से खेती की जा रही है लेकिन वन्य प्राणी विभाग, बीबीएमबी, प्रशासन, पुलिस मूकदर्शक बना हुआ है। ट्रैक्टरों के माध्यम से दिन-रात वन्य प्राणी विभाग की जमीन को कुरेदा जा रहा है जिससे प्रवासी पक्षी परेशान हो रहे हैं। इस अवैध खेती के कारण झील में सिल्ट भी जमा हो जाती है तथा थ्रेसिंग के समय उडऩे वाली धूल से झील का पानी गंदा होता है जिससे मछलियां भी मर जाती हैं। पिछले दो दिनों से गुलेर, नंदपुर, लुदरेट, हरसर और नगरोटा सूरियां क्षेत्रों में सैकड़ों ट्रैक्टरों से गेहूं की बिजाई के लिए जुताई की जा रही है जिस कारण पर्यावरण प्रेमियों में रोष है। पर्यावरण प्रेमी मिलखी राम शर्मा, उजागर सिंह, लेख राज चौधरी ने आरोप लगाया कि प्रवासी पक्षी झील में पहुंच रहे हैं तथा इस खेती की आड़ में प्रवासी पक्षियों का भी अवैध तरीके से शिकार किया जाता है। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टरों के कारण प्रवासी पक्षियों के अंडे टूट जाते हैं तो वहीं कई जीव जंतु टायरों के नीचे आकर में मर जाते हैं। उन्होंने कहा कि साधन संपन्न लोग खुद तो खेती करके लाखों रुपए कमा लेते हैं लेकिन झील में गंदगी डाल देते हैं।

आरोप लगाया कि इस स्थिति के लिए वन्य प्राणी विभाग हमीरपुर के डीएफओ सहित संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी जिम्मेदार हैं। मिलखी राम शर्मा, उजागर सिंह, लेख राज चौधरी ने प्रतिबंधित क्षेत्र में हो रही अवैध खेती पर तत्काल रोक लगाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि कोर्ट सहित ट्रिब्यूनल कोर्ट का दरवाजा खटखटाया जाएगा। लोगों ने कहा कि झील किनारे खेती करने वाले लोग झील की तरफ जाने वाले रास्तों को बंद कर देते हैं जिस कारण बेसहारा पशु झील में पानी पीने व झील किनारे घास चरने नहीं पहुंच पाते हैं। लोगों की जमीन की खेती को तहस नहस कर देते हैं। लोगों ने कहा कि जो विभाग खेती को नहीं रुकवा सकता वो प्रवासी पक्षियों की रक्षा क्या कर पाता होगा। उन्होंने चेताया है कि झील किनारे खेती को बंद करवाया जाए अन्यथा कोर्ट का दरवाजा खटखटाया जाएगा। आखिरकार किसके इशारे पर खेती की जा रही है।

रेंज ऑफिसर सुभाष चंद के बोल
वन्य प्राणी विभाग के संबंधित रेंज अधिकारी सुभाष चंद ने कहा कि अवैध खेती करने वालों के चालान काटे जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी सूरत में क्षेत्र में अवैध खेती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App