कांगड़ा में चाय-समोसा 15 में और भरपेट खाना 100 रुपए में
डीसी के आदेश, जिला में फेस्टिवल सीजन में मंहगाई की मार के बीच हल्की राहत, खाद्य वस्तुओं की अक्तूबर में निर्धारित दरें दो माह तक रहेंगी लागू
स्टाफ रिपोर्टर- धर्मशाला
फेस्टिवल सीजन में मंहगाई की मार झेल रहे आम लोगों को जिला प्रशासन की ओर से हल्की राहत प्रदान करने का प्रयास किया गया है। अब सितंबर अक्तूबर में निर्धारित दरों को आगामी दो माह तक जारी रखने के निर्देश उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा की ओर से जारी किए गए हैं। हालांकि धरातल में निर्धारित मूल्य की बजाय अधिक वसूली को लेकर कोई भी कार्य न होने पर तय मूल्य से ज्यादा की वसूली का खेल सितंबर-अक्तूबर से ही जारी है। ऐसे में एक बार फिर निर्देशों के बावजूद धरातल पर विभागीय व प्रशासनिक अधिकारियों के न उतरने से आम लोगों को मंहगाई की मार झेलने पड़ेगी। जिला कांगड़ा में खाद्य वस्तुओं और पके हुए भोजन की निर्धारित दरें आगामी दो माह तक लागू रहेंगी। जिला दंडाधिकारी कांगड़ा हेमराज बैरवा ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर 29 सितंबर को निर्धारित अधिकतम खुदरा विक्रय दरों को अगले दो माह तक जारी रखने के आदेश दिए हैं। यह निर्णय हिमाचल प्रदेश जमाखोरी एवं मुनाफाखोरी रोकथाम आदेश, 1977 के प्रावधानों के तहत लिया गया है। प्रशासन की ओर से निर्धारित दरों के अनुसार बकरा और भेड़ का मीट 600 रुपए, सूअर का मीट 300 रुपए, साफ किया हुआ चिकन 240 रुपए और जिंदा चिकन 180 रुपए प्रति किलो मिलेगा। बिना तली मछली 240 रुपए और तली हुई मछली 340 रुपए प्रति किलो निर्धारित है।
पके हुए भोजन में तंदूरी चपाती नौ रुपए और तवा चपाती सात रुपए प्रति पीस मिलेगी। अचार के साथ स्टफ्ड परांठा 30 रुपए और सादा परांठा 20 रुपए का होगा। चना-दही के साथ दो पूरी या भटूरे की प्लेट 60 रुपए, जबकि चावल, चपाती, दाल या सब्जी और कढ़ी वाली फुल डाइट 100 रुपए निर्धारित की गई है। फुल प्लेट चावल 60 रुपए, साधारण दाल 50 रुपए, फ्राईड दाल 70 रुपए और स्पेशल सब्जी 80 रुपए प्रति प्लेट मिलेगी। पालक पनीर की कीमत एक सौ रुपए, मटर पनीर 110 रुपए, पांच पीस मीट वाली प्लेट 145 रुपए और चिकन करी 95 रुपए निर्धारित है। चाय और समोसा 15-15 रुपए में मिलेगा। फास्ट फूड की दरों में वेज चाऊमीन की फुल प्लेट 70 और हाफ प्लेट 40 रुपए, जबकि नॉन-वेज चाऊमीन की फुल प्लेट 80 और हाफ प्लेट 45 रुपए निर्धारित है। वेज मोमो की फुल प्लेट 80 और हाफ प्लेट 45 रुपए तथा नॉन-वेज मोमो की फुल प्लेट 110 और हाफ प्लेट 60 रुपए में मिलेगी। वेज थुपका की फुल प्लेट 70 और हाफ प्लेट 50 रुपए, जबकि नॉन-वेज थुपका की फुल प्लेट 80 और हाफ प्लेट 55 रुपए निर्धारित की गई है।
दूध 60, दही 90 और पनीर 360 रुपए किलो
डेयरी उत्पादों में स्थानीय सप्लाई का दूध 60 रुपए और उबला हुआ दूध 70 रुपए प्रति लीटर निर्धारित है। पैक्ड दूध सभी ब्रांड का अंकित मूल्य पर मिलेगा। दही 90 रुपए और स्थानीय पनीर 360 रुपए प्रति किलो की दर से बेचा जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी दुकानदारों, ढाबा संचालकों और खाद्य विक्रेताओं को अपने प्रतिष्ठानों में निर्धारित दर सूची प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया है कि कोई भी विक्रेता निर्धारित अधिकतम दरों से अधिक राशि ग्राहकों से वसूल नहीं कर सकेगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
