भारत आर्थिक संकट के कगार पर, कोलंबिया यूनिवर्सिटी में बोले राहुल, मोदी सरकार का आर्थिक मॉडल विफल

By: Nov 19th, 2026 12:01 am

एजेंसियां — न्यूयार्क

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि मोदी सरकार का आर्थिक मॉडल विफल हो चुका है और देश गंभीर आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है। राहुल गांधी ने अमरीका के न्यूयार्क में कोलंबिया विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ इंटरनेशनल एंड पब्लिक अफेयर्स में आयोजित संवाद के दौरान कहा कि बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था की खामियां, विनिर्माण क्षेत्र की कमजोरी और छोटे एवं मझोले उद्यमों की मुश्किलें देश की प्रमुख समस्याएं हैं। रोजगार के पर्याप्त अवसर पैदा नहीं हो रहे हैं और आर्थिक तथा राजनीतिक शक्ति कुछ बड़े समूहों के हाथों में केंद्रित होती जा रही है। श्री गांधी ने कहा कि इन समस्याओं को विकास दर के आंकड़ों या सेवा क्षेत्र के विस्तार से छिपाया नहीं जा सकता। उन्होंने पत्रकार लिडिया पोलग्रीन के साथ बातचीत में मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी योजनाओं की प्रभावशीलता पर सवाल उठाते हुए कहा है कि यह पहल विनिर्माण क्षेत्र को अपेक्षित मजबूती और रोजगार के अवसर देने में सफल नहीं रही हैं। सेवा क्षेत्र अकेले भारत जैसे बड़ी आबादी वाले देश में रोजगार की जरूरत पूरी नहीं कर सकता। विनिर्माण को आर्थिक विकास का प्रमुख आधार बनाना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने पिछले कई दशकों में तैयार किए गए आर्थिक ढांचे को कमजोर किया है और संपत्ति के साथ राजनीतिक शक्ति का केंद्रीकरण भी बढ़ रहा है। उनके अनुसार आदिवासी, दलित, किसान और अल्पसंख्यक आर्थिक एवं राजनीतिक व्यवस्था में हाशिए पर धकेले जा रहे हैं।

रोजगार की कमी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक असमान पहुंच से युवाओं में असंतोष बढ़ रहा है। श्री गांधी ने अमरीका और यूरोप के देशों की आर्थिक चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत की अपेक्षाकृत कम लागत उसे वैश्विक आर्थिक दबावों के बीच कुछ मजबूती दे सकती है, लेकिन इसके लिए घरेलू आर्थिक कमजोरियों को दूर करना होगा। उन्होंने कहा कि वह भारत की दीर्घकालिक संभावनाओं को लेकर आशावादी हैं, लेकिन देश समय गंवा रहा है। मौजूदा आर्थिक दिशा अगले पांच से दस साल तक जारी रहने पर भारत गंभीर मुश्किलों में पड़ सकता है। इसके अलावा राहुल ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) को सामान्य अभियान से बिल्कुल अलग बताया। उन्होंने कहा कि इस अभियान में जितना पैसा खर्च किया गया, वह अनुमान से 20, 30, 40 या 50 गुना तक ज्यादा था। इतना पैसा कहां से आया। इस अभियान में खर्च की गई रकम को लेकर कई सवाल हैं, जिनका जवाब मिलना चाहिए। राहुल ने चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि अचानक पांच लाख वोटों का मार्जिन मिल जाना संभव नहीं है। चुनावी नतीजों और वोटों के आंकड़ों को लेकर हमारी पार्टी (कांग्रेस) के पास कई सवाल हैं। हमारे पास चुनावी धांधली के कई सबूत हैं। इन्हें सामने लाने के लिए हम काम कर रहे हैं।

युवाओं को अपना भविष्य नहीं दिख रहा

राहुल ने कहा कि युवाओं में मौजूदा हालात को लेकर निराशा है। इनमें एक वर्ग मध्यमवर्गीय परिवारों से आता है और उसने औपचारिक शिक्षा हासिल की है। हम इस पर अध्ययन कर रहे हैं और इसे समझने की कोशिश कर रहे हैं। इसकी सबसे अहम वजह यह है कि उन्हें अपना भविष्य नजर नहीं आता। करियर को लेकर युवाओं और उनके माता-पिता के बीच दूरी बढ़ रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App